लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम् में नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत, अभिमुखीकरण एवं उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक तथा छात्रहित से संबंधित गतिविधियों से परिचित कराने के उद्देश्य से ‘दीक्षारंभ कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी संकायों की प्रथम वर्ष की नवप्रवेशित छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. डॉ. शिवानी श्रीवास्तव ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य एवं प्राध्यापकों द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्पण के साथ किया गया। इसके उपरांत छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं कुलगीत की सुंदर प्रस्तुति दी। जिसने कार्यक्रम को गरिमामय एवं प्रेरणाप्रद स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम में समारोहक प्रो. डॉ. रीता अग्निहोत्री ने ‘दीक्षारंभ’ की संकल्पना एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए नवप्रवेशित छात्राओं को महाविद्यालय के शैक्षणिक परिवेश एवं विभिन्न क्लबों—साहित्य, ललित कला, संगीत, स्पोर्ट्स एवं सोशल मीडिया से परिचित कराया। विभिन्न विभागों के प्रभारियों एवं संकाय सदस्यों ने अपने विषयों, विभागीय गतिविधियों एवं विशिष्ट प्रभारों की जानकारी दी।
छात्राओं को विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के साथ-साथ राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) एवं रेंजर्स की गतिविधियों एवं सहभागिता के अवसरों से भी अवगत कराया गया। महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए भी प्रेरित किया गया। मंच संचालन में डॉ. विशाल वर्मा ने अपना बहुमूल्य सहयोग दिया।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. डॉ. शिवानी श्रीवास्तव ने नवप्रवेशित छात्राओं का महाविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालय के मिशन एवं विज़न से परिचित कराया। उन्होंने छात्राओं को उच्च शिक्षा के उद्देश्यों, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन, नियमितता, समयबद्धता एवं अनुशासन के महत्व के विषय में मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि छात्राओं में उत्तरदायित्व, आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों, सामाजिक संवेदनशीलता एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना भी है।

प्राचार्य ने छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा एवं क्षमताओं के सर्वांगीण विकास हेतु प्रेरित किया। इसके साथ ही प्रथम वर्ष की छात्राओं ने विभिन्न महाविद्यालयीय क्लबों में अपना पंजीकरण करवाया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. डॉ. सुरंगमा यादव ने दिया।
कार्यक्रम की सम्पूर्ण व्यवस्था और अनुशासन में एनसीसी कैडेट, एनएसएस और रेंजर्स की छात्राओं ने योगदान दिया। कार्यक्रम ने छात्राओं में महाविद्यालय के नवीन शैक्षणिक परिवेश के प्रति आत्मीयता, उत्साह एवं सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करते हुए उनके आगामी शैक्षणिक जीवन के लिए एक सुदृढ़ आधार प्रदान किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal