Sunday , August 9 2026

काकोरी के वीरों की शौर्यगाथा से गूंजा शिव सहाय गर्ल्स पीजी कॉलेज

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। काकोरी कांड दिवस के अवसर पर रविवार को रामपुर बेहरा, बीकेटी स्थित शिव सहाय गर्ल्स पीजी कॉलेज में देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। 

“भारत मां के आजादी के गीत सुहाने गाए, तिरंगा झूम-झूम लहराए”, “वंदे मातरम्”, “जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा, वह भारत देश है मेरा” और “यह देश है वीर जवानों का” जैसे गीतों की प्रस्तुति पर पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने काकोरी कांड के अमर क्रांतिकारियों चंद्रशेखर आजाद, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाकउल्ला खां, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी और पंडित राम प्रसाद बिस्मिल के जीवन एवं बलिदान को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया। इस अवसर पर चित्रकला और मेहंदी कला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रथम पांच-पांच विजेताओं को मुख्य अतिथि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, लखनऊ के रीजनल मैनेजर मनोज कुमार सक्सेना ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। मेहंदी कला प्रतियोगिता में कविता गुप्ता ने प्रथम, श्रिया वर्मा ने द्वितीय, शालू ने तृतीय, दिव्यांशी ने चतुर्थ और आयुषी ने पांचवां स्थान हासिल किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में आयुषी सिंह प्रथम, सोनाक्षी द्वितीय, दृश्या सिंह तृतीय, आयुषी चतुर्थ और अनुष्का सिंह चौहान पांचवें स्थान पर रहीं।

इस अवसर पर कॉलेज के प्रबंध निदेशक एचएन जायसवाल, चेयरमैन आयुष जायसवाल, बाल निकुंज इंटर कॉलेज मोहिबुल्लापुर गर्ल्स विंग की प्रधानाचार्या भगवती भंडारी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम में छात्राओं ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।