Saturday , August 8 2026

महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल में सजे नेतृत्व के सितारे, छात्र प्रतिनिधियों को मिले बैज

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गोमती नगर स्थित महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल में छात्र अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय अध्यक्ष आशीष अग्रवाल, सचिव राजीव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नीरज अग्रवाल, प्रधानाचार्या शिल्पी बाजपेयी एवं उपप्रधानाचार्या शालू श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित समारोह में नवचयनित छात्र प्रतिनिधियों को उनके दायित्व सौंपे गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि मौजूद मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। प्रस्तुति ने समारोह में मौजूद सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रधानाचार्या शिल्पी बाजपेयी ने स्वागत भाषण में विद्यार्थियों को नेतृत्व के आदर्श मूल्यों से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें जिम्मेदारी, समर्पण, अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य करना भी शामिल है। उन्होंने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय की ओर से मुख्य अतिथि अंकुश मित्तल को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद नवनिर्वाचित छात्र कार्यकारिणी समिति का अलंकरण किया गया। हेड बॉय हर्ष सिंह और हेड गर्ल अंशी शुक्ला को बैज पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के चारों हाउस—विश्वभारती, नालंदा, गुरुकुल एवं अग्रोहा—के हाउस कैप्टन और प्रीफेक्ट्स को भी बैज प्रदान किए गए।

विद्यालय अध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का केंद्र नहीं है, बल्कि यह नेतृत्व, अनुशासन और संस्कारों के निर्माण का भी महत्वपूर्ण स्थल है। उन्होंने छात्र प्रतिनिधियों से विद्यालय की गरिमा बनाए रखते हुए अपने साथियों के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि अंकुश मित्तल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें हर परिस्थिति में सजग, जिम्मेदार और आत्मविश्वासी रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने विद्यालय, समाज और देश का गौरव बढ़ाने के लिए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विद्यालय सचिव राजीव अग्रवाल ने सभी नवचयनित छात्र प्रतिनिधियों को उनके दायित्वों के निर्वहन की शपथ दिलाई। इस दौरान विद्यार्थियों ने नेतृत्व कौशल, अनुशासन, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लिया।

मीडिया प्रभारी सुधीश गर्ग ने बताया कि समारोह में अग्रवाल शिक्षा संस्थान के अध्यक्ष लोकराम अग्रवाल, दिनेश चंद्र अग्रवाल, राउंड टेबल लखनऊ के उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, रीता मित्तल, संजीव अग्रवाल सहित विद्यालय एवं संस्था के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह और गौरव के वातावरण से सराबोर रहा।