लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग के केंद्रीय भूमि जल बोर्ड, उत्तरी क्षेत्र, लखनऊ द्वारा स्वच्छता कार्य योजना 2026-27 के तहत बुधवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय, छावनी मड़ियांव में स्वच्छता एवं जल संरक्षण विषयक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर “स्वच्छ भारत अभियान में आने वाली पीढ़ी का योगदान” विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। साथ ही “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया तथा स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के लिए स्वच्छता रैली भी निकाली गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय भूमि जल बोर्ड के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनादि गायेन ने विद्यार्थियों को स्वच्छता, “कैच द रेन” अभियान, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल और पर्यावरण की सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण का लक्ष्य अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सकता है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय भूमि जल बोर्ड के रसायनज्ञ राहुल वशिष्ठ ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण, केंद्रीय भूमि जल बोर्ड के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal