Wednesday , July 29 2026

भारतीय जीवन मूल्यों पर आधारित शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का किया आह्वान

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, अवध प्रांत की प्रांतीय मिलन बैठक इन्दिरा नगर स्थित प्रांत संयोजक प्रमिल द्विवेदी के आवास पर गुरु वंदना के साथ हुई। बैठक में न्यास की नवगठित प्रांतीय टीम के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित शिक्षा, चरित्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा समाज जीवन में सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन जैसे विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रांत संयोजक प्रमिल द्विवेदी ने कहा कि शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास का उद्देश्य भारतीय जीवन मूल्यों पर आधारित शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा समाज के विभिन्न वर्गों को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि न्यास के विविध आयामों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सभी कार्यकर्ता समर्पित भाव से कार्य करेंगे।

बैठक में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी जी. लाल, स्पिरिचुअल इंटेलिजेंस में डॉक्टरेट एवं प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अनुराधा पाण्डेय, बैंक ऑफ इंडिया के पूर्व महाप्रबंधक ज्ञानेश्वर प्रसाद त्रिपाठी, भारतीय रिज़र्व बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी आर.पी. पाण्डेय, पर्यावरणविद् आर.के. सिंह, आर.सी. मिश्र, सेबी एवं अन्य वित्तीय संस्थानों में वित्तीय साक्षरता एवं समृद्धि विशेषज्ञ सुनीता पॉल, चरित्र निर्माण टोली प्रमुख चिंतामणि कौशिक तथा नीरू द्विवेदी सहित अनेक सम्मानित स्वजनों ने सहभागिता की।

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने न्यास के उद्देश्यों एवं कार्यक्रमों को समाज के विभिन्न वर्गों तक प्रभावी रूप से पहुँचाने तथा भारतीय संस्कृति एवं शिक्षा के संवर्धन हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास का साहित्य भी भेंट किया गया। कार्यक्रम का समापन डॉ. अनुराधा पाण्डेय द्वारा वैदिक कल्याण मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ।