Thursday , September 3 2026

फीफा विश्व कप 2026 के दौरान इन राज्यों में देर रात तक खुले रहेंगे रेस्तरां

हैदराबाद (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारत के आतिथ्य (हॉस्पिटैलिटी) क्षेत्र और विकसित होती नाइट-टाइम इकोनॉमी को महत्वपूर्ण बढ़ावा देते हुए कर्नाटक, तेलंगाना और दिल्ली की सरकारों ने फीफा विश्व कप 2026 के तीसरे स्थान के मुकाबले (थर्ड-प्लेस प्ले-ऑफ) और फाइनल मैच के दौरान लाइसेंस प्राप्त रेस्तरां, कैफे, पब, बार, क्लब, माइक्रोब्रुअरी तथा अन्य आतिथ्य प्रतिष्ठानों के संचालन समय में विस्तार की मंजूरी दी है।

यह मंजूरी क्रमशः कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी तथा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दी गई। यह निर्णय नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के संबंधित राज्य अध्यायों द्वारा किए गए अनुरोध के बाद लिया गया। इससे यह भी स्पष्ट होता है कि सरकार को प्रमुख वैश्विक आयोजनों के दौरान पर्यटन, रोजगार और शहरी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में आतिथ्य उद्योग की जिम्मेदार भूमिका पर भरोसा है।

तीनों राज्यों में मिली इस अनुमति के कारण होटल एवं रेस्तरां प्रतिष्ठानों ने दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजनों में से एक फीफा विश्व कप 2026 के मुकाबलों का लाइव प्रसारण (लाइव स्क्रीनिंग) आयोजित किया। जिससे फुटबॉल प्रेमियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पेशेवर वातावरण में एक साथ मैच देखने और जश्न मनाने का अवसर मिला।

इस पहल से न केवल फुटबॉल प्रशंसकों को यादगार अनुभव मिला, बल्कि रेस्तरां उद्योग में व्यावसायिक गतिविधियों में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई। इसके साथ ही परिवहन, राइड-हेलिंग सेवाओं, लॉजिस्टिक्स, खाद्य आपूर्ति और स्थानीय रोजगार जैसे सहयोगी क्षेत्रों को भी लाभ मिला, जिससे आतिथ्य उद्योग के व्यापक आर्थिक योगदान को बल मिला।

इस पहल को जिम्मेदारीपूर्वक लागू करने के लिए एनआरएआई ने तीनों राज्यों में अपने सदस्य प्रतिष्ठानों के साथ मिलकर काम किया। संगठन ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए सदस्यों से जिम्मेदार तरीके से शराब परोसने, भीड़ प्रबंधन, ग्राहकों की सुरक्षा, स्थानीय निवासियों के साथ सामंजस्य बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था और नियामक एजेंसियों के साथ पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया। इससे उद्योग की जिम्मेदार संचालन, सार्वजनिक सुरक्षा और नियामकीय अनुपालन के प्रति प्रतिबद्धता और मजबूत हुई।

इस पहल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष तथा वाओ! मोमो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सह-संस्थापक सागर दरयानी ने कहा, “एनआरएआई और पूरे रेस्तरां उद्योग की ओर से मैं कर्नाटक, तेलंगाना और दिल्ली की सरकारों का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने हमारे अनुरोध पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए फीफा विश्व कप के दौरान आतिथ्य उद्योग का समर्थन किया। यह मंजूरी भारत के रेस्तरां और फूड एंड बेवरेज उद्योग के पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था में बढ़ते योगदान की मान्यता है। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि सरकार ने हमारे उद्योग की जिम्मेदार संचालन क्षमता पर भरोसा जताया है। हमें उम्मीद है कि यह देशभर में ऐसी कई सकारात्मक पहलों की शुरुआत साबित होगी। जब सरकार और उद्योग साथ मिलकर काम करते हैं तो सभी को लाभ होता है—व्यवसाय बढ़ते हैं, रोजगार सृजित होते हैं और उपभोक्ताओं को बेहतर अनुभव मिलता है। एनआरएआई भारत के आतिथ्य क्षेत्र को और मजबूत बनाने के लिए सरकारों के साथ मिलकर कार्य करता रहेगा।”

एनआरएआई का मानना है कि यह पहल भारत के आतिथ्य उद्योग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे पर्यटन, रोजगार तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था में इस क्षेत्र की भूमिका और सुदृढ़ होगी। संगठन देशभर के नीति-निर्माताओं और अन्य हितधारकों के साथ मिलकर जिम्मेदार विकास को बढ़ावा देने तथा भारत के रेस्तरां एवं फूड एंड बेवरेज उद्योग के लिए नए अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।