Monday , July 20 2026

महान क्रांतिकारी मंगल पांडेय की जयंती पर विधायक डा. नीरज बोरा ने किया माल्यार्पण

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर क्रांतिनायक शहीद मंगल पांडेय की जयंती पर रविवार को भारतेन्दु हरिश्चंद्र वार्ड स्थित मंगल पांडेय पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लखनऊ उत्तर के विधायक डा. नीरज बोरा ने शहीद मंगल पांडेय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

विधायक डा. नीरज बोरा ने कहा कि शहीद मंगल पांडेय ने स्वतंत्रता की अलख जगाकर देशवासियों में आजादी का जज़्बा पैदा किया। उनका अद्वितीय साहस, त्याग और बलिदान भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरणादायी विरासत है। उन्होंने कहा कि मंगल पांडेय का जीवन राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है तथा उनके आदर्श सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे। उनके पदचिह्नों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी शहीद मंगल पांडेय के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा के लिए उनके आदर्शों का अनुसरण करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पूर्व पार्षद बृज किशोर पांडेय, पूर्व पार्षद रूपाली गुप्ता, सतीश वर्मा, सी.के. वर्मा, आशुतोष सिंह, संजीव तिवारी, राजू सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।