लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कुर्सी रोड स्थित महावीर इंटर कॉलेज के सामने घरों और दुकानों के ऊपर फैले विद्युत तारों के मकड़जाल को हटाने तथा एक अतिरिक्त विद्युत पोल स्थापित कर एबीसी (एरियल बंच्ड) केबल को व्यवस्थित कराने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के पूर्व पार्षद प्रत्याशी शैलेन्द्र लोधी ने 11 केवी एलटी (जी.एस.आई.) जानकीपुरम जोन के अधिशासी अभियंता पंकज गुप्ता को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि कुछ समय पूर्व इसी क्षेत्र में अव्यवस्थित विद्युत तारों के कारण आगजनी की घटना हो चुकी है। घटना के बाद विद्युत विभाग द्वारा एक एचटी पोल तो लगाया गया, लेकिन घरों और दुकानों के सामने से गुजर रहे खुले तथा विभिन्न स्थानों पर जोड़े गए विद्युत तार अब भी यथावत हैं। इससे शॉर्ट सर्किट, आग लगने और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है, जिससे स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में चिंता का माहौल है।
शैलेन्द्र लोधी ने मांग की कि विभागीय अधिकारी मौके का निरीक्षण कर शीघ्र एक अतिरिक्त विद्युत पोल स्थापित कराएं तथा एबीसी केबल सहित अन्य विद्युत तारों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से स्थानांतरित कराया जाए। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था अधिक सुरक्षित होगी और भविष्य में किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव किया जा सकेगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्युत विभाग जनहित को देखते हुए मामले का शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेगा, जिससे क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal