Saturday , July 18 2026

दर्शकों को चौंकाएंगे ‘बरेली के बच्चन’ के नए एपिसोड : प्रविष्ट मिश्रा

लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। कलर्स टीवी के लोकप्रिय शो ‘बरेली के बच्चन’ में कृष्णा का किरदार निभा रहे अभिनेता प्रविष्ट मिश्रा का कहना है कि आने वाले एपिसोड में दर्शकों को कई बड़े और दिलचस्प ट्विस्ट देखने को मिलेंगे। उन्होंने बताया कि अब कहानी एक ऐसे मोड़ पर पहुंच गई है, जहां हर किरदार की जिंदगी बदलने वाली है।

शो के प्रमोशन के लिए शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे प्रविष्ट ने टेलीस्कोप टुडे संवाददाता शम्भू शरण वर्मा से खास बातचीत में कहा कि “अब तक संगम को लगता था कि कृष्णा और गुड़िया की शादी सिर्फ एक दिखावा है और दोनों किसी मुश्किल से बचने के लिए यह नाटक कर रहे हैं। लेकिन अब उसे पता चल चुका है कि यह शादी पूरी तरह असली है। शादी न सिर्फ रीति-रिवाजों से हुई है, बल्कि उसका कानूनी रजिस्ट्रेशन भी हो चुका है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आगे क्या होगा? क्या संगम उसी घर में रह पाएगी? क्या उसके परिवार वाले उसे स्वीकार करेंगे? इन सभी सवालों के जवाब दर्शकों को आने वाले एपिसोड में मिलेंगे।”

शो के नाम ‘बरेली के बच्चन’ को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रविष्ट ने कहा कि इसका अमिताभ बच्चन से कोई सीधा संबंध नहीं है। उन्होंने बताया, “हमारे शो में हमारे पिता का नाम जग सिंह बच्चन है, जिनका किरदार यशपाल शर्मा निभा रहे हैं। हम चारों भाई उन्हीं के बेटे हैं, इसलिए हमारा सरनेम बच्चन है। हां, बच्चन परिवार और अमिताभ बच्चन जी की जड़ें उत्तर प्रदेश से जुड़ी हैं, इसलिए एक समानता जरूर है, लेकिन शो की कहानी पूरी तरह अलग है।”

बरेली में शूटिंग के अनुभव साझा करते हुए प्रविष्ट ने कहा कि वहां के लोगों का प्यार उन्हें हमेशा याद रहेगा। उन्होंने कहा, “बरेली में शूटिंग के दौरान ऐसा लगता था जैसे किसी मंच पर लाइव प्रस्तुति दे रहे हों। बड़ी संख्या में लोग शूटिंग देखने पहुंचते थे और उनका उत्साह हमें और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता था।”

उन्होंने बताया कि बरेली प्रवास के दौरान उन्हें प्रसिद्ध कवि हरिओम पंवार के कवि सम्मेलन में शामिल होने का भी अवसर मिला। प्रविष्ट ने कहा, “मेरे लिए यह बेहद सौभाग्य की बात थी। उस कार्यक्रम में हरिओम पंवार ने कहा कि 75 वर्ष की आयु के बाद वह मंच पर नहीं आएंगे। उस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनना मेरे लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा।”

फिजियोथेरेपी की पढ़ाई और अभिनय के बीच संतुलन पर उन्होंने कहा कि उनके पिता चाहते थे कि वह डॉक्टर बनें। उन्होंने बताया, “मेरा झुकाव एमबीबीएस की बजाय फिजियोथेरेपी की ओर था, इसलिए मैंने उसी विषय की पढ़ाई की। हालांकि बचपन से अभिनेता बनने की इच्छा हमेशा मन में रही और आखिरकार मैंने अभिनय को ही अपना करियर चुना।”

अपने बचपन के सपनों को याद करते हुए प्रविष्ट ने कहा, “हर उम्र के साथ मेरे सपने बदलते रहे। कभी क्रिकेटर बनना चाहता था, कभी पायलट, कभी शिक्षक। बाद में फिजियोथेरेपी की पढ़ाई की, लेकिन अभिनय का सपना कभी खत्म नहीं हुआ।”

अपने किरदार कृष्णा के बारे में उन्होंने कहा कि यह उनके अब तक निभाए गए किरदारों से बिल्कुल अलग है। “पहले मैंने ऐसे नायक निभाए जो पूरी तरह सीधे-सादे और आदर्शवादी थे, लेकिन कृष्णा एक ऐसा किरदार है जो परिस्थितियों के अनुसार फैसले लेता है। वह अपने परिवार को बचाने और रिश्तों को संभालने के लिए कभी-कभी झूठ भी बोलता है। यही उसकी सबसे बड़ी खासियत है और यही बात उसे दर्शकों से जोड़ती है, क्योंकि असल जिंदगी में भी इंसान कई बार अपनों के लिए कठिन फैसले लेता है।”

बॉलीवुड में काम करने की इच्छा पर प्रविष्ट ने कहा कि वह फिल्मों में जरूर काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “अगर दर्शकों का प्यार और आशीर्वाद मिलता रहा तो आगे फिल्मों में भी अच्छा काम करने की कोशिश करूंगा।”

सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि बदलाव प्रकृति का नियम है और सोशल मीडिया से बचना संभव नहीं है। जरूरी यह है कि उसका सकारात्मक और सार्थक उपयोग किया जाए। युवा सोशल मीडिया को सीखने, आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने का माध्यम बनाएं, तभी उसका वास्तविक लाभ मिलेगा।