Friday , July 17 2026

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी ने पकड़ी रफ्तार

नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। हालांकि बाजार खुलते ही बिकवाली का झटका भी लगा, लेकिन थोड़ी देर में ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने रफ्तार पकड़ ली। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.76 प्रतिशत और निफ्टी 0.62 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से जियो फाइनेंशियल, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजी और टीसीएस के शेयर 3.73 प्रतिशत से लेकर 1.62 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, विप्रो, सिप्ला, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज और सन फार्मास्यूटिकल्स के शेयर 1.59 प्रतिशत से लेकर 0.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,685 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 917 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,768 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 19 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 11 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 33 शेयर हरे निशान में और 17 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।बीएसई का सेंसेक्स आज 183.90 अंक यानी 0.24 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,370.77 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का झटका लगने के कारण पहले मिनट में ही यह सूचकांक 60 अंक से अधिक गिर कर 77,308 अंक के स्तर पर आ गया। इसके तुरंत बाद खरीदारों ने मोर्चा संभाल लिया और लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 583.51 अंक की बढ़त के साथ 77,770.38 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 54.85 अंक यानी 0.23 प्रतिशत उछल कर 24,127.60 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण शुरुआती मिनट में ही यह सूचकांक फिसल कर 24,099.05 अंक तक आ गया। हालांकि थोड़ी देर में ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 149.45 अंक की मजबूती के साथ 24,222.20 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 1.44 अंक यानी 0.0018 प्रतिशत की सांकेतिक मजबूती के साथ 77,186.87 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 5.75 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 24,072.75 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।