Wednesday , July 15 2026

यूपी में निवेश बढ़ाने को जापानी कारोबारी प्रतिनिधिमंडल तैयार, अगस्त में होगा दौरा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश अगले माह जापान के सबसे बड़े कारोबारी प्रतिनिधिमंडलों में से एक की मेजबानी करने जा रहा है। जापान और यामानाशी प्रान्त के 200 से अधिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीओ) आगामी 19 अगस्त से शुरू होने वाले पांच दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश आएंगे। इस यात्रा का उद्देश्य राज्य में निवेश संभावनाओं को तलाशने और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाना है।

इस प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए यामानाशी प्रान्त के 12 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने, यामानाशी सरकार के सलाहकार नरेंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में, लखनऊ स्थित इन्वेस्ट यूपी कार्यालय का दौरा किया। यह यात्रा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हालिया जापान यात्रा के बाद दोनों पक्षों के बीच हुए संवाद और समझौतों का महत्वपूर्ण विस्तार मानी जा रही है। इससे निवेश, औद्योगिक सहयोग तथा दीर्घकालिक साझेदारी को नई गति मिलने की उम्मीद है।

बैठक की अध्यक्षता अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (IIDC) दीपक कुमार ने की। इस अवसर पर इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय किरण आनंद तथा अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शशांक चौधरी भी उपस्थित रहे।

दौरे के दौरान जापानी प्रतिनिधिमंडल की राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों तथा अन्य हितधारकों के साथ और व्यवसाय-से-व्यवसाय (बी2बी) बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इन बैठकों में विनिर्माण, हरित हाइड्रोजन, नवीकरणीय ऊर्जा, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC), ऑटोमोबाइल, फूड प्रोसेसिंग, कौशल विकास तथा मानव संसाधन आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा होगी। इस यात्रा के दौरान नए एमओयू (MoUs), लेटर ऑफ कम्फर्ट (LoCs) जारी होने तथा विभिन्न निवेश परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन का मार्ग भी प्रशस्त होने की संभावना है।

अपने दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह से भी मुलाकात की। बैठक में उत्तर प्रदेश और यामानाशी के बीच पर्यटन एवं सांस्कृतिक सहयोग को और सुदृढ़ बनाने पर विचार-विमर्श हुआ। साथ ही आधुनिक पर्यटन अवस्थापना विकास, बेहतर कनेक्टिविटी तथा आतिथ्य एवं वेलनेस पर्यटन में निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।