नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार के दौरान रिकवरी करता हुआ नजर आ रहा है। पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ जाने की वजह से बने वैश्विक दबाव के कारण घरेलू बाजार में आज के कारोबार की शुरुआत लगभग 0.70 प्रतिशत की गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद पहले 20 मिनट तक मामूली उतार चढ़ाव के साथ कारोबार होता रहा। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया। लिवाली का सपोर्ट मिलने पर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी आने लगी। खरीदारी के सपोर्ट से हुई रिकवरी के कारण पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स की कमजोरी घट कर 0.36 प्रतिशत और निफ्टी की कमजोरी कम होकर 0.38 प्रतिशत रह गई थी।शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजी, ओएनजीसी, एनटीपीसी और एचडीएफसी लाइफ के शेयर 2.61 प्रतिशत से लेकर 0.63 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, इंटरग्लोब एवियशन, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी, बजाज फिनसर्व और नेस्ले के शेयर 1.87 प्रतिशत से लेकर 1.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,743 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,287 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,456 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से आठ शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 22 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 12 शेयर हरे निशान में और 38 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।बीएसई का सेंसेक्स आज 602.04 अंक यानी 0.78 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,963.35 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद बिकवाली के दबाव की वजह से यह सूचकांक फिसल कर 76,857.43 अंक तक चला गया। हालांकि पहले 20 मिनट के कारोबार के बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक ने निचले स्तर से रिकवरी करना शुरू कर दिया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 280.84 अंक की गिरावट के साथ 77,288.55 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 167.50 अंक यानी 0.69 प्रतिशत टूट कर 24,039.40 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही वैश्विक दबाव की वजह से पहले 20 मिनट के कारोबार में ही यह सूचकांक फिसल कर 24,000.20 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 92.65 अंक की कमजोरी के साथ 24,114.25 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 827.57 अंक यानी 1.08 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,569.39 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 244.10 अंक यानी 1.02 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,206.90 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal