लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम में कार्यवाहक प्राचार्या प्रो. (डॉ.) शिवानी श्रीवास्तव की अध्यक्षता में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता उत्पन्न करना हैं।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय पार्षद शिवपाल सांवरिया के साथ ही श्यामजीत सिंह, शिव कुमार तथा राघवेंद्र अवस्थी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने महाविद्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।

प्राचार्या एवं अतिथियों द्वारा महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शिवानी श्रीवास्तव ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान भारतीय संस्कृति में मातृत्व, प्रकृति और जीवन के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का सशक्त प्रतीक है। जिस प्रकार माँ अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है, उसी प्रकार वृक्ष सम्पूर्ण सृष्टि के जीवन का आधार हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह केवल पौधारोपण ही न करे, बल्कि उसके संरक्षण, नियमित सिंचाई एवं देखभाल की जिम्मेदारी भी पूरी निष्ठा से निभाए।

कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की पर्यावरण समिति द्वारा किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की दोनों इकाइयाँ “सद्भावना” एवं “प्रेरणा” ने कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निशी मिश्रा के नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभाई। इस अभियान में साधना सिंह यादव एवं डॉ. पूनम पाण्डेय का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
एनसीसी की कैडेट्स ने एनसीसी प्रभारी डॉ. नेहा जैन के नेतृत्व में उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों में सहभागिता की। रेंजर्स इकाई की छात्राओं ने रेंजर्स प्रभारी डॉ. स्मिता पाण्डेय के नेतृत्व में पौधारोपण एवं पौधों के संरक्षण का दायित्व निभाया।

महाविद्यालय के अवध सांस्कृतिक क्लब की संयोजिका प्रो. (डॉ.) प्रीति बाजपेई के मार्गदर्शन में छात्राओं ने 60 से अधिक छायादार एवं फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं वनस्पति विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. शेफाली सिंह के नेतृत्व में विभाग की छात्राओं ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वैज्ञानिक दृष्टिकोण से रोपण करते हुए उनके संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अभियान को सफल बनाने में महाविद्यालय के प्राध्यापकों प्रो. (डॉ.) अखिलेश कुमार, प्रो. (डॉ.) रीता अग्निहोत्री, प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार अग्रवाल, प्रो. (डॉ.) शीलधर दुबे, प्रो. (डॉ.) सुरंगमा यादव, डॉ. विशाखा कमल सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं कार्यालय परिवार का सराहनीय योगदान रहा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal