Saturday , July 11 2026

YES बैंक की वित्तीय स्थिति में सुधार, प्रमुख वैश्विक एजेंसियों ने बढ़ाया भरोसा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। यस बैंक ने बताया कि उसे देश और दुनिया की प्रमुख क्रेडिट रेटिंग एजेंसियों से कई सकारात्मक रेटिंग अपग्रेड मिले हैं। ये रेटिंग बैंक की लगातार मजबूत होती वित्तीय स्थिति और बेहतर ऋण साख को दर्शाती हैं। एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने पहली बार यसबैंक को ‘बीबी+ (स्थिर आउटलुक)’ की दीर्घकालिक जारीकर्ता (इश्यूअर) क्रेडिट रेटिंग दी है। यह रेटिंग मूडीज़ द्वारा मई2026 में बैंक की रेटिंग ‘बीए2’ से बढ़ाकर ‘बीए1’ (स्थिर) किए जाने के अनुरूप है।

 एसएंडपी ने अपनी रेटिंग में इस बात को भी शामिल किया है कि बैंक के सबसे बड़े शेयरधारक सुमितोमो मित्सुई बैंकिंग कॉरपोरेशन (एसएमबीसी) से यस बैंक को आगे भी लगातार और विशेषसहयोग मिलने की उम्मीद है। इससे एसएमबीसी समूह के लिए यस बैंक के रणनीतिक महत्व की पुष्टि होती है। इसके साथ ही यस बैंक को अब दो प्रमुख वैश्विक रेटिंग एजेंसियों से स्थिर दृष्टिकोण (स्टेबल आउटलुक) के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रेडिट रेटिंग प्राप्त हो गई है।

इस पर टिप्पणी करते हुए यस बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एमडी एवं सीईओ) विनय एम. टोंसे ने कहा, देश और दुनिया की प्रमुख रेटिंग एजेंसियों द्वारा किए गए ये रेटिंग अपग्रेड यस बैंक की मजबूत स्थिति और लाभप्रदता की दिशा में हमारी लगातार प्रगति की स्वतंत्र पुष्टि हैं। हमारे सबसे बड़े शेयरधारक एसएमबीसी के साथ रणनीतिक साझेदारी ने बैंक की मजबूत कॉर्पोरेट प्रशासन व्यवस्था और दीर्घकालिक स्थिरता कोऔर मजबूत किया है।”

रेटिंग एजेंसियों ने बैंक की बेहतर होती परिसंपत्ति गुणवत्ता, मजबूत धन जुटाने की क्षमता, सुदृढ़ पूंजी स्थिति, मुख्य कारोबार से लगातार बढ़ती लाभप्रदता और सुमितोमो मित्सुई बैंकिंग कॉरपोरेशन (एसएमबीसी) के रणनीतिक निवेश को इन रेटिंग अपग्रेड के प्रमुख कारण बताया है। एसएमबीसी दुनिया के महत्वपूर्ण वैश्विक बैंकों में से एक है और यस बैंक में उसकी लगभग 24.9 प्रतिशत हिस्सेदारी है।