Friday , July 10 2026

DDU राजकीय महिला महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, इस दिन तक होंगे ऑनलाइन आवेदन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। महाविद्यालय प्रशासन ने छात्राओं के लिए प्रवेश संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए 30 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि निर्धारित की है।

कार्यवाहक प्राचार्या प्रो. शिवानी श्रीवास्तव द्वारा जारी सूचना के अनुसार बीए प्रथम वर्ष में 430, बीकॉम प्रथम वर्ष में 120 तथा बीएससी प्रथम वर्ष में विभिन्न विषय समूहों के लिए कुल 170 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे। वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर एमए समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, इतिहास, भूगोल तथा एमएससी रसायन विज्ञान में भी निर्धारित सीटों पर प्रवेश लिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि महाविद्यालय की वेबसाइट www.ggpgcrajajipuram.ac.in पर उपलब्ध “एप्लीकेशन फॉर एडमिशन इन सेशन 2026-27” लिंक के माध्यम से छात्राएं 400 रुपये का ऑनलाइन शुल्क जमा कर आवेदन कर सकती हैं। आवेदन प्रक्रिया 15 अप्रैल से प्रारंभ हो चुकी है और 30 जुलाई तक जारी रहेगी। हालांकि किसी पाठ्यक्रम की सीटें पहले भर जाने की स्थिति में संबंधित प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित तिथि से पहले भी बंद की जा सकती है।

महाविद्यालय प्रशासन ने छात्राओं को आवेदन से पूर्व प्रॉस्पेक्टस का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी है। इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद छात्राओं को अपने अंक ऑनलाइन आवेदन पत्र में “मॉडिफाई मार्क्स” विकल्प के माध्यम से अपडेट कर पुनः आवेदन सबमिट करना होगा।

सूचना में स्पष्ट किया गया है कि आवेदन करते समय छात्राएं अपना सक्रिय मोबाइल नंबर ही दर्ज करें, ताकि महाविद्यालय द्वारा भेजी जाने वाली सभी सूचनाएं उन्हें समय पर प्राप्त हो सकें। ऑनलाइन आवेदन या शुल्क जमा करने में किसी प्रकार की समस्या होने पर हेल्पलाइन नंबर 0522-4041116 अथवा ई-मेल kshelpmail@gmail.com पर प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।

प्रवेश के लिए विषयों का चयन प्रॉस्पेक्टस में दिए गए विषय समूहों के अनुसार करना होगा तथा आवेदन पत्र में दो विषय मेजर और एक विषय माइनर के रूप में भरना अनिवार्य रहेगा। साथ ही इंटरमीडिएट उत्तीर्ण वर्ष और गैप वर्ष का विवरण भी देना होगा।

महाविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि लखनऊ विश्वविद्यालय की केंद्रीय प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत सभी छात्राओं के लिए पहले LURN (Lucknow University Registration Number) पंजीकरण कराना अनिवार्य है। बिना एलयूआरएन पंजीकरण के प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण नहीं मानी जाएगी।

प्रवेश के समय छात्राओं को ऑनलाइन आवेदन पत्र की दो प्रतियों के साथ हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की अंकतालिका व प्रमाणपत्र, आरक्षण प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), टीसी, चरित्र प्रमाणपत्र, आधार कार्ड तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो प्रस्तुत करने होंगे। किसी भी अतिरिक्त जानकारी या समस्या के लिए छात्राएं महाविद्यालय कार्यालय से संपर्क कर सकती हैं।