Thursday , July 9 2026

राजनाथ सिंह के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर वाल्मीकि समाज ने काटा 11 किलो का मिल्क केक

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। केंद्रीय रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर गुरुवार को वाल्मीकि समाज की ओर से चारबाग स्थित रविन्द्रालय में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की विभिन्न मूलभूत समस्याओं पर चर्चा की गई तथा रक्षा मंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए 11 किलो का मिल्क केक काटा गया।

कार्यक्रम का आयोजन पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के पूर्व सदस्य राम सिंह वाल्मीकि के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना तथा राम सिंह वाल्मीकि ने संयुक्त रूप से 11 किलो का मिल्क केक काटकर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि राजनाथ सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन में सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया है और लखनऊ के विकास को नई गति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि सांसद विकास निधि से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं तथा राजनाथ सिंह समय-समय पर कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनका मार्गदर्शन करते रहते हैं।

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने भी रक्षामंत्री के दीर्घायु होने की कामना करते हुए उनके नेतृत्व, विकास कार्यों और जनसंपर्क की सराहना की।

कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल, मनीष गुप्ता, अजय महर्षि, रवि चौधरी, दुर्गेश वाल्मीकि, मोहित वाल्मीकि, दीपक वाल्मीकि, श्यामू साहू, इंद्रजीत कनौजिया, नीरज वाल्मीकि, दुर्गेश कुमार, संदीप वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिन की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।