Thursday , July 9 2026

नहर रोड पर सीवर निर्माण कार्य से कारोबार चौपट, व्यापारियों ने दी ये चेतावनी

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जानकीपुरम विस्तार इलाके में नहर रोड पर जल निगम द्वारा मुख्य सीवर लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्य के लिए की गई सड़क की खुदाई के चलते सड़क बंद कर दिए जाने से पिछले लगभग 10 दिनों से क्षेत्र के व्यापारियों का व्यापार पूरी तरह ठप पड़ा है। व्यापारियों को प्रतिदिन लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जबकि संबंधित विभाग समस्या के समाधान के प्रति उदासीन बना हुआ है।

बुधवार को समीक्षा बैठक में विधायक डा. नीरज बोरा ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। जिससे स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को राहत मिल सके। वहीं भारतीय जन उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एसडी सिंह वैश्वारा ने कार्य की देखरेख कर रहे प्रोजेक्ट मैनेजर विमल तिवारी को मौके पर बुलाकर व्यापारियों की पीड़ा से अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि यदि तत्काल वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था कर व्यापारियों को राहत नहीं दी गई, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर व्यापारियों को राहत नहीं मिली, तो भारतीय जन उद्योग व्यापार मण्डल जल निगम एवं PWD के विरुद्ध धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। इसके परिणामस्वरूप उत्पन्न होने वाली समस्त जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।