RLB : CBSE 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 236 मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। रानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल ग्रुप ऑफ स्कूल्स में सीबीएसई बोर्ड कक्षा 12 (2026) की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में स्कॉलरशिप वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह का आयोजन सेक्टर-14, इंदिरा नगर स्थित रानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल स्कूल के अमर शहीद कैप्टन मनोज कुमार पाण्डेय सभागार में हुआ। जहां मेधावी विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार, प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक प्रबंधक जयपाल सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन एवं अमर शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने वंदे मातरम्, गणेश वंदना, देवी वंदना, गुरु वंदना तथा प्रेरणादायक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को भावपूर्ण बना दिया।

समारोह में सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 12 की परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 236 छात्र-छात्राओं को उनके अभिभावकों की उपस्थिति में सम्मानित किया गया। संस्थापक प्रबंधक जयपाल सिंह ने विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार, प्रमाण-पत्र तथा रानी लक्ष्मी बाई की स्मृति में मोमेंटो प्रदान करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं तथा ऐसे मेधावी विद्यार्थी समाज और देश का गौरव होते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के सभी निदेशक, प्रधानाचार्य, उप-प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह का समापन स्कूल एंथम के साथ हुआ। अंत में संस्था की निदेशक निर्मल टंडन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।