Thursday , July 2 2026

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिसके कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक की चाल में और तेजी आ गई। हालांकि बीच-बीच में बिकवाली के मामूली झटके भी लगते रहे। इसके बावजूद इन दोनों सूचकांक की चाल पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। सुबह 10 तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.54 प्रतिशत और निफ्टी 0.52 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजी, टीसीएस, टेक महिंद्रा और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर 4.70 प्रतिशत से लेकर 2.01 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, लार्सन एंड टूब्रो, भारती एयरटेल, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, एनटीपीसी और मैक्स हेल्थकेयर के शेयर 1.07 प्रतिशत से लेकर 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,722 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,961 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 761 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 20 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 10 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 34 शेयर हरे निशान में और 16 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।बीएसई का सेंसेक्स आज 160.50 अंक की मजबूती के साथ 77,083.14 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के कारण पहले आधे घंटे के कारोबार में ही यह सूचकांक उछल कर 77,449.25 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में हुई बिकवाली की वजह से इस सूचकांक की चाल में मामूली गिरावट भी दर्ज की गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 416.26 अंक की बढ़त के साथ 77,338.90 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 56.35 अंक उछल कर 24,062.20 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने की थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक ने रफ्तार पकड़ ली। बाजार में लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से पहले आधे घंटे में ही निफ्टी उछल कर 24,159.45 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में भी थोड़ी गिरावट दर्ज की गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 124.10 अंक की मजबूती के साथ 24,129.95 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 443.97 अंक यानी 0.58 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,922.64 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 140.10 अंक यानी 0.59 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,005.85 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।