नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने राजस्थान की सुप्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता मनन चतुर्वेदी के मैराथन पेंटिंग शो की प्रशंसा की है। मनन ने दिल्ली के पालिका बाजार में 24 घंटे लगातार पेंटिंग बनाने के अनूठे लक्ष्य को मंगलवार को पूर्ण किया। बंसल ने इस शो का समापन करते हुए कहा कि समाज में ऐसे आयोजनों की आवश्यकता और ज्यादा है।उन्होंने कहा कि समाज का काम समाज के सहयोग से ही होगा। इस अवसर पर सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि मनन का कला के माध्यम से समाज को प्रेरित करने का कार्य अनूठा है। मनन ने निराश्रित और परित्यक्त बच्चों के प्रति समाज में जागरुकता पैदा करने के उद्देश्य से इस मैराथन पेंटिंग शो में हिस्सा लिया।मनन चतुर्वेदी का दिल्ली में यह उनका 21 वां शो रहा। वह राजस्थान और गुजरात के बड़े शहरों में इस तरह के पेंटिंग शो कर चुकी हैं। उनके नाम 72 घंटे तक लगातार पेंटिंग करने का विश्व रिकॉर्ड है। दिल्ली में पिछले 24 घंटों में उन्होंने 52 कलाकृतियां बनाईं। मनन ने कहा कि बच्चों के संरक्षण और अधिकारों के प्रति समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण की आवश्यकता है। लोग बच्चों के प्रति या तो सहानुभूति जताते हैं या उनसे खेलते हैं। जबकि बच्चों को समझने की जरूरत है। मनन ने कहा कि घर में रहने वाले बच्चे भी उपेक्षा का शिकार है, परित्यक्त और निराश्रित बच्चों के हालत तो और बुरे हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal