Thursday , July 2 2026

SBI के 71वें स्थापना दिवस पर ईवी चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय स्टेट बैंक ने बुधवार को अपना 71वां स्थापना दिवस उत्साह और भव्यता के साथ मनाया। सुबह समारोह की शुरुआत करते हुए लखनऊ मण्डल के मुख्य महाप्रबंधक दिपेश राज ने स्टाफ सदस्यों के उपयोग के लिए हरित पहल के तहत स्थानीय प्रधान कार्यालय में ईवी चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन किया।

शाम को एसबीआई लखनऊ मण्डल ने अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में एक भव्य समारोह का आयोजन किया। जिसमें बैंक के वर्तमान एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। लखनऊ मण्डल के मुख्य महाप्रबंधक दिपेश राज ने समारोह का शुभारंभ किया। सभी को स्थापना दिवस की बधाई दी और बैंक की उपलब्धियों, विरासत और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर प्रकाश डाला।

श्री राज ने कहा कि 200 वर्षों से अधिक की गौरवशाली विरासत के साथ, एसबीआई आज भी देश की आर्थिक प्रगति और वित्तीय समावेशन का सबसे भरोसेमंद सहभागी बना हुआ है, जो 52 करोड़ से अधिक ग्राहकों को सेवा प्रदान कर रहा है। एसबीआई का मुख्य मंत्र ‘डिजिटल प्रथम, ग्राहक प्रथम, राष्ट्र सर्वोपरि’ है। इसी दृष्टिकोण के अनुरूप बैंक ने स्मार्ट, सुरक्षित और सहज डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का विस्तार उत्कृष्ट ग्राहक अनुभव के लिए किया है।

समारोह में स्टाफ सदस्यों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बैंक की रचनात्मक प्रतिभा और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया गया।