Sunday , June 28 2026

सघन पल्स पोलियो अभियान : विधायक डॉ. नीरज बोरा ने बच्चों को पिलाई दो बूंद जिंदगी की

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। वीरांगना अवंतीबाई जिला महिला चिकित्सालय में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि मौजूद लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर किया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहाकि पल्स पोलियो अभियान बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य पहल है। पोलियो जैसी गंभीर एवं आजीवन दिव्यांगता का कारण बनने वाली बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर पोलियो की खुराक पिलाना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे शून्य से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं, चाहे बच्चे को पहले कई बार पोलियो की दवा दी जा चुकी हो। 

उन्होंने कहा कि इस अभियान से कोई भी बच्चा वंचित नहीं रहना चाहिए। जनप्रतिनिधियों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कर्मियों तथा समाज के सभी वर्गों के सामूहिक सहयोग से ही इस अभियान को पूर्ण सफलता मिलेगी और हमारा जनपद, प्रदेश तथा देश पोलियो मुक्त बना रहे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने कहाकि सघन पल्स पोलियो अभियान का उद्देश्य शून्य से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो से सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि पोलियो की दो बूंदें पूरी तरह सुरक्षित, प्रभावी और निःशुल्क हैं तथा बच्चों को आजीवन दिव्यांगता से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें बूथों, घर-घर भ्रमण तथा ट्रांजिट स्थलों पर पहुंचकर बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाएंगी। 

उन्होंने जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, धार्मिक एवं सामाजिक नेताओं तथा आमजन से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। CMO ने बताया कि अभियान के दौरान ईंट-भट्टों पर कार्यरत श्रमिकों, घुमंतू परिवारों तथा निर्माण स्थलों पर रहने वाले श्रमिक परिवारों के बच्चों तक विशेष रूप से पहुंच बनाई जाएगी। जिससे कोई भी बच्चा पोलियोरोधी दवा से वंचित न रह जाए।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमिताभ श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में शून्य से पांच वर्ष तक के 7.07 लाख बच्चों को मॉप अप राउंड के दौरान दवा पिलाई जाएगी। पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रथम दिन जनपद के 2,783 बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। सोमवार से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। जो बच्चे दवा पीने से रह जाएंगे उन्हें छह जुलाई को माप अप राउंड में दवा पिलाई जाएगी।

जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए 131 मोबाइल टीमें, 227 ट्रांजिट टीमें, 593 सुपरवाइजर, 6,850 वैक्सीनेटर तथा 15 डिवीजनल अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, टैम्पो स्टैंड एवं अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ट्रांजिट बूथ स्थापित किए गए हैं, ताकि यात्रा कर रहे बच्चों को भी पोलियोरोधी दवा की खुराक दी जा सके।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सलमान ने किया।इस अवसर पर डॉ. एके सिंह (जेडी परिवार कल्याण),  डॉ. संजय दोहरे (प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक), वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सलमान, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सतीश यादव, सहायक शोध अधिकारी रिचा मौर्या, रितांशी शुक्ला, कनिष्ठ सहायक मृदुला पाण्डेय, विजय बाजपेई जिला प्रतिरक्षण कार्यालय, सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि, नर्सिंग छात्र-छात्राएं तथा लाभार्थी उपस्थित रहे।