Saturday , June 27 2026

भूतपूर्व सैनिक बैंकर्स के हितों की रक्षा को बना सशक्त मंच, संजय राय बने यूपी अध्यक्ष


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अ.भा. भूतपूर्व सैनिक बैंकर्स कल्याण समिति की उ.प्र. इकाई के गठन के लिए विश्व संवाद केन्द्र में सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि धीरेंद्र सिंह व अन्य वरिष्ठ पूर्व सैनिक बैंकर्स द्वारा माँ भारती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन कर सामूहिक राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया।

समिति के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद राठौर ने वर्तमान श्रम कानूनों के परिप्रेक्ष्य में भूतपूर्व सैनिक बैंकर्स की ट्रेड यूनियनों के लगातार हो रहे बिखराव तथा उनकी घटती प्रासंगिकता पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीयकृत, ग्रामीण, निजी बैंकों एवं गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी में कार्यरत जल, थल, वायु सेना तथा अर्धसैनिक बलों से सेवानिवृत्त भूतपूर्व सैनिकों के लिए एक ऐसे सशक्त, पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक संगठन की आवश्यकता है, जो उनके सेवा संबंधी, कार्मिक, सामाजिक एवं कल्याणकारी हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सके।

उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य एक ऐसा अखिल भारतीय मंच उपलब्ध कराना है। जिसका संविधान पूर्णतः पारदर्शी व व्यावहारिक हो साथ ही आर्थिक योगदान न्यूनतम हो। जिससे सभी सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाया जा सके।

इस अवसर पर नये श्रम कानूनों के परिप्रेक्ष्य में छोटी छोटी पूर्व सैनिक बैंकर्स ट्रेड यूनियन्स के अस्तित्व पर मंडराते खतरे विषय पर धीरेंद्र सिंह, आनंद राठौर, मृगांक श्रीवास्तव, संजय राय, विकास रावत, संतोष कुमार, राजेश तिवारी, आशुतोष पाठक, विशाल निगम ने विचार व्यक्त किए। भू.पू. सैनिक बैंकर्स के कल्याण के लिये पैरेन्टल यूनियनों के साथ समन्वय हेतु पूर्व सैनिक बैंकर्स कल्याण समिति की आवश्यकता विषय पर राजेश जायसवाल, आलोक कुमार, चन्द्रजीत सिंह, योगेश दीक्षित, रीतेश श्रीवास्तव, अनुराग पाण्डेय, विनीत पाण्डेय, राजमणि उपाध्याय आदि ने जोरदार तरीके से अपना पक्ष रखा।

विस्तृत चर्चा एवं विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से पंजाब नेशनल बैंक प्रयागराज में कार्यरत संजय राय को उत्तर प्रदेश इकाई का अध्यक्ष चुना गया। कार्यक्रम का संचालन मृगांक श्रीवास्तव ने किया। सभा में बड़ी संख्या में भू.पू. सैनिक बैंकर्स एवं नॉन बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी में कार्यरत कर्मियों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन सहभागिता की।

समिति के संरक्षक श्री धीरेन्द्र सिंह ने सभी सदस्यों को पूरे समर्पण एवं एकता के साथ संस्था को आगे बढ़ाने का आवाहन किया। अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद राठौर ने सभी का आभार व्यक्त किया।