लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पीएमएस संघ के चुनाव के लिए 22 जून 2026 को मतदान सम्पन्न होने के बाद शुक्रवार को मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए गए। मतगणना के उपरांत राज्य चुनाव समिति ने विभिन्न पदों पर विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की।
अध्यक्ष पद पर हुए मुकाबले में डॉ. यशवीर सिंह (बागपत) ने सर्वाधिक 1715 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी डॉ. राजीव कुमार त्रिपाठी (प्रतापगढ़) को पराजित किया, जिन्हें 888 मत मिले।
उपाध्यक्ष (मुख्य) पद पर डॉ. मोहित कुमार सिंह (लखनऊ) ने 2950 मत प्राप्त कर शानदार जीत हासिल की। वहीं उपाध्यक्ष (सामान्य) के तीन पदों पर डॉ. क्षेत्रपाल यादव (बस्ती), डॉ. जगमोहन (हापुड़) तथा डॉ. यशोवर्धन (कानपुर नगर) विजयी घोषित किए गए।
उपाध्यक्ष (महिला) पद पर डॉ. प्रीति सिंह (लखनऊ) ने 2280 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। महासचिव पद पर डॉ. शरद वैश्य (लखनऊ) ने 1457 मत हासिल कर विजय प्राप्त की।
अपर महासचिव पद पर डॉ. विशाल सिंह यादव (जौनपुर) 1326 मत प्राप्त कर निर्वाचित घोषित किए गए। वित्त सचिव पद पर डॉ. प्रवीण कुमार (बुलंदशहर) ने 1692 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि सम्पादक पद पर डॉ. मो. जमील अनवर (मिर्जापुर) 1510 मत प्राप्त कर विजयी रहे।
राज्य चुनाव समिति के सचिव डॉ. गयासुद्दीन खान ने बताया कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हुई। मतगणना के उपरांत सभी पदों के परिणाम विधिवत घोषित कर दिए गए तथा निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाणित किया गया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा और उन्हें बधाइयाँ देने का सिलसिला देर तक जारी रहा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal