लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ उत्तर प्रदेश द्वारा बलरामपुर चिकित्सालय में आयोजित बड़े मंगलवार का पारंपरिक भंडारा समारोह श्रद्धा, आस्था और सेवा भावना के साथ संपन्न हुआ। पिछले लगभग 25 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि लखनऊ की गंगा-जमुनी तहज़ीब, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की भी मिसाल बन चुका है।
कार्यक्रम का शुभारंभ बजरंगबली जी की विधिवत पूजा-अर्चना, आरती एवं भोग अर्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने देश और प्रदेश में सुख-समृद्धि, शांति, भाईचारे तथा सामाजिक सौहार्द की कामना करते हुए सामूहिक प्रार्थना की।

देर शाम तक चले भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, चिकित्साकर्मियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन में सहभागिता निभाई। पूरे परिसर में भक्ति, सेवा और समर्पण का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम का उद्घाटन चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ उत्तर प्रदेश के प्रधान महासचिव अशोक कुमार ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत के संवाहक हैं। ये समाज में एकता, प्रेम, सद्भाव और सेवा भावना को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।

समारोह में अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें प्रमुख रूप से अजगरा (वाराणसी) के विधायक त्रिभुवन राम, श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय के निदेशक डॉ. जे.पी. गुप्ता, बलरामपुर चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. पी.के. श्रीवास्तव, लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन के महामंत्री कमल श्रीवास्तव, चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ उत्तर प्रदेश के कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, लखनऊ जिलाध्यक्ष कपिल वर्मा, ऑप्टोमेट्रिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष सर्वेश पाटिल, श्रवण सचान, गोल्डी शर्मा एवं जितेन्द्र सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal