बलरामपुर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। रक्तदान को जनआंदोलन का स्वरूप देने वाले जनपद के समाजसेवी एवं “ब्लडमैन” के नाम से विख्यात आलोक अग्रवाल के लिए 28 जून का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। मानवता की सेवा और रक्तदान जागरूकता के क्षेत्र में एक दशक से अधिक समय से किए जा रहे उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए उन्हें एक ही दिन में तीन प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
लखनऊ में आयोजित होने वाले भव्य “संवेदना-2 सम्मान समारोह” में उन्हें विगत वर्ष 23 मार्च को आयोजित विशाल रक्तदान शिविर एवं रक्तदान जागरूकता अभियान के सफल संचालन हेतु नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स द्वारा प्रतिष्ठित “इंटरनेशनल लाइफ सेवर अवार्ड” से सम्मानित किया जाएगा।

इतना ही नहीं, रक्तदान के क्षेत्र में पिछले 10 वर्षों से लगातार दी जा रही उत्कृष्ट सेवाओं को देखते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड द्वारा भी उन्हें विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321B1 के वार्षिक मंडल पुरस्कार समारोह में भी वर्षभर मानव सेवा एवं रक्तदान जागरूकता के लिए किए गए कार्यों के लिए उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
जनपद बलरामपुर ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने वाले आलोक अग्रवाल अब तक दर्जनों रक्तदान शिविरों का आयोजन कर चुके हैं। उनके प्रयासों से हजारों यूनिट रक्त एकत्रित हुआ है तथा अनगिनत जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सका है। यही कारण है कि आज वे रक्तदान आंदोलन का एक सशक्त चेहरा बन चुके हैं।

विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं में अनेकों पदों पर कई वर्षों से लगातार कार्य करने वाले आलोक अग्रवाल का मानना है कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता को जीवित रखने का सबसे पवित्र माध्यम है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि को व्यक्तिगत सम्मान न बताते हुए इसे सभी रक्तदाताओं, ब्लड बैंक के चिकित्सकों, टेक्नीशियनों, काउंसलरों, नर्सिंग स्टाफ और सहयोगियों को समर्पित किया है।

उन्होंने कहा, “यदि रक्तदाता आगे न आएं तो कोई भी अभियान सफल नहीं हो सकता। यह सम्मान उन हजारों अनाम रक्तवीरों का सम्मान है, जो किसी अनजान व्यक्ति को जीवन देने के लिए नि:स्वार्थ भाव से रक्तदान करते हैं।” एक ही दिन में तीन-तीन प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित होने जा रहे आलोक अग्रवाल की यह उपलब्धि न केवल बलरामपुर जनपद बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal