लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग ने पूरे शहर को दहला दिया। हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया गया।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली से इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं जताईं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। हादसे की जानकारी मिलने के बाद रक्षा मंत्री भी लखनऊ के लिए रवाना हो गए।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना को गंभीरता से लेते हुए अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए और अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। डीजीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।जानकारी के मुताबिक, अलीगंज स्थित जिस इमारत में आग लगी, वहां एनिमेशन और गेमिंग इंडस्ट्री से जुड़े सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट की ट्रेनिंग दी जाती थी। इसके साथ ही वहां एनिमेशन स्टूडियो भी संचालित था। इमारत के निचले हिस्से में एक पेट शॉप भी मौजूद थी।आग लगते ही पूरी बिल्डिंग में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कई लोग इमारत से नीचे कूद गए, जिससे कुछ लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के भयावह वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए।KGMU के डॉक्टर प्रेमराज ने बताया कि घटना के बाद 21 से 22 लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से 15 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में 12 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, कुछ घायलों का इलाज जारी है। एक छात्र की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है।प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों ने कहा है कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal