नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप का खिताब जीतने पर भारतीय महिला हॉकी टीम को बधाई दी है। उन्होंने टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में असाधारण खेल दिखाया है और यह ऐतिहासिक जीत देश के अन्य युवाओं को हॉकी खेलने के लिए प्रेरित करेगी।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने बधाई संदेश में लिखा कि भारतीय हॉकी खिलाड़ी देश के लिए गौरव और खुशी लेकर आए हैं। एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप में विजेता बनकर उभरने पर महिला टीम को हार्दिक बधाई। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में असाधारण रूप से अच्छा खेल दिखाया। उन्होंने टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यह जीत कई अन्य लोगों को हॉकी खेलने के लिए प्रेरित करेगी।उल्लेखनीय है कि भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर एफआईएच विमेंस नेशंस कप 2025-26 का खिताब अपने नाम कर लिया है। भारतीय टीम ने इस पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखा और बिना कोई मैच गंवाए इस खिताबी जीत को हासिल किया। भारत ने दूसरी बार इस कप पर कब्जा जमाया है। इस सफलता के साथ ही भारतीय महिला हॉकी टीम ने महिला प्रो लीग के अगले सीजन के लिए भी सफलतापूर्वक क्वालिफाई कर लिया है।
Screenshot
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal