Sunday , June 21 2026

बाल निकुंज : सभी शाखाओं में हुआ सामूहिक योगाभ्यास, दिया ये संदेश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस की सभी शाखाओं में रविवार सुबह भव्य योग शिविर एवं योगोत्सव का आयोजन किया गया। प्रातः 5:30 बजे से शुरू हुए कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों सहित बाल निकुंज परिवार के करीब एक हजार से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।

बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी में आयोजित कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक कुलदीप कुमार ने “स्वस्थ आयु के लिए योग” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने सभी से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया और कहा कि इससे न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि स्वस्थ एवं सकारात्मक भारत के निर्माण में भी योगदान मिलता है। साथ ही उन्होंने योग को भारतीय ऋषि-मुनियों द्वारा दी गई अमूल्य सांस्कृतिक विरासत बताया।

वहीं, बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल, पलटन छावनी शाखा में योग प्रशिक्षक शोभित ने प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, शीर्षासन सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के स्वास्थ्य लाभों तथा विभिन्न बीमारियों की रोकथाम में इसकी उपयोगिता की भी विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में बाल निकुंज कॉलेज के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल, कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, सभी शाखाओं के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।

प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे दैनिक जीवन में अपनाकर स्वस्थ, निरोग एवं संतुलित जीवन जिया जा सकता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस सामूहिक योगाभ्यास ने स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया।