Sunday , June 21 2026

CRIH योग सप्ताह में मरीजों और परिजनों ने सीखे स्वस्थ जीवन के सूत्र

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान संस्थान (CRIH) जानकीपुरम द्वारा 15 जून से 20 जून 2026 तक “स्वस्थ वृद्धावस्था हेतु योग” विषय पर योग सप्ताह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संस्थान के ओपीडी परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें मरीजों, उनके परिजनों तथा विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

योग सप्ताह का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था को बढ़ावा देना तथा लोगों को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सरल योगासन, सौम्य स्ट्रेचिंग व्यायाम, प्राणायाम और विभिन्न विश्राम तकनीकों का अभ्यास कराया गया।

विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर की लचीलापन, संतुलन, शक्ति एवं समन्वय क्षमता में वृद्धि होती है। साथ ही बढ़ती उम्र के साथ आने वाली अनेक शारीरिक समस्याओं और चुनौतियों को कम करने में भी योग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों को योग के माध्यम से मधुमेह (डायबिटीज), उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन), सर्वाइकल स्पॉन्डिलोसिस, साइटिका जैसी बीमारियों के प्रबंधन एवं उनसे मिलने वाले लाभों की भी जानकारी दी गई। योग विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास जीवनशैली से जुड़ी अनेक बीमारियों की रोकथाम और नियंत्रण में सहायक सिद्ध हो सकता है।

योग सप्ताह के दौरान आयोजित गतिविधियों से मरीजों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई तथा उन्होंने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प भी लिया। संस्थान के अधिकारियों ने कहा कि योग न केवल रोगों की रोकथाम का प्रभावी माध्यम है, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।