नई दिल्ली (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। NEET (UG) 2026 परीक्षा की पूर्व संध्या पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने निष्पक्ष, सुरक्षित और अभ्यर्थी-अनुकूल परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा रविवार को देश के 551 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों तथा विदेशों में 14 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा अंग्रेजी सहित 12 भारतीय भाषाओं में आयोजित होगी।
व्यवस्थाओं का व्यापक पैमाना
यह परीक्षा 95,000 से अधिक परीक्षा कक्षों में आयोजित की जाएगी, जिनमें से प्रत्येक में CCTV कैमरे लगाए गए हैं। कुल 1,38,560 CCTV कैमरे स्थापित किए गए हैं, जिनकी निगरानी राष्ट्रीय, राज्य तथा मंत्रालय स्तर पर वर्चुअल माध्यम से की जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से होने वाली किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए 51,311 जैमर तैनात किए गए हैं, जिनमें 17,054 जैमर ECIL तथा 34,257 जैमर BEL द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं।
परीक्षा दिवस के लिए बड़े पैमाने पर मानव संसाधन की तैनाती की गई है। 95,000 से अधिक परीक्षा कक्षों में प्रत्येक कक्ष के लिए दो निरीक्षक नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दस से अधिक अतिरिक्त परीक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं। अभ्यर्थियों के सत्यापन को और सुदृढ़ बनाने के लिए 38,795 फ्रिस्किंग कर्मियों तथा 48,448 बायोमेट्रिक सत्यापन कर्मियों की तैनाती की गई है।
बायोमेट्रिक सत्यापन के लिए उपलब्ध मानव संसाधन को दोगुना किया गया है तथा फेस ऑथेंटिकेशन की व्यवस्था भी जोड़ी गई है। ताकि सत्यापन पूरी तरह सुनिश्चित हो और केंद्रों पर कतारें न्यूनतम रहें। प्रत्येक 5,440 परीक्षा केंद्र पर एक सेंटर सिस्टम्स ऑफिसर (CSO) तैनात किया गया है, जो CCTV फीड की निगरानी करेगा तथा किसी भी तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान करेगा।
NTA ने परीक्षा केंद्रों पर लगभग 6,700 पर्यवेक्षकों की तैनाती की है। इनके अतिरिक्त 100 से अधिक वर्चुअल पर्यवेक्षक केंद्रीय स्तर पर लाइव CCTV फुटेज की निगरानी करेंगे। CCTV फुटेज का विश्लेषण AI आधारित उपकरणों के माध्यम से भी किया जाएगा, जिससे किसी भी असामान्यता की पहचान की जा सके। इस प्रकार राष्ट्रीय, राज्य तथा मंत्रालय स्तर पर बहुस्तरीय निगरानी व्यवस्था स्थापित की गई है।
सुरक्षा एवं लॉजिस्टिक्स व्यवस्था
राज्य और जिला प्रशासन के व्यापक सहयोग से सुरक्षा एवं लॉजिस्टिक्स संबंधी तैयारियां की गई हैं। इसके अंतर्गत पुलिस, अर्धसैनिक बलों, भारतीय वायु सेना तथा डाक विभाग की सेवाएं ली जा रही हैं। औसतन प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 40 से 50 सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं।
गोपनीय परीक्षा सामग्री रखने वाली लगभग 1,500 बैंक शाखाओं में बैंक अधिकारियों की तैनाती की गई है। वहीं, देशभर में लगभग 700 संग्रह केंद्रों से OMR शीटों के संकलन के लिए डाक विभाग अपनी टीमों के माध्यम से समन्वय करेगा। सभी राज्यों के मुख्य सचिवों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें आयोजित की गई हैं और जिलों ने परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं की पुष्टि कर दी है।
परीक्षा की पूर्व संध्या पर शनिवार को देशव्यापी मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें जैमर, CCTV, फ्रिस्किंग स्टाफ तथा बायोमेट्रिक प्रणाली सहित सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। समन्वयकों ने संरक्षक बैंकों में सुरक्षित रखी गई परीक्षा सामग्री का सत्यापन कर उसकी उपलब्धता की पुष्टि की है।
राज्य सरकारों के सहयोग से परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों के लिए पेयजल, ORS, एम्बुलेंस तथा अभिभावकों के लिए छायादार प्रतीक्षा क्षेत्रों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी लगाई गई है। रफ कार्य के लिए अतिरिक्त पृष्ठ उपलब्ध कराए गए हैं। बाएं हाथ से लिखने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रश्न पुस्तिका के प्रारंभ में ही रफ कार्य हेतु पृष्ठ दिए गए हैं। प्रवेश संबंधी औपचारिकताओं में लगने वाले समय की भरपाई के लिए परीक्षा अवधि में भी उपयुक्त विस्तार किया गया है।
NTA सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रख रहा है और अफवाह फैलाने तथा कथित “पेपर लीक” जैसी भ्रामक एवं फर्जी सूचनाएं प्रसारित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रहा है। ऐसी अफवाहें अभ्यर्थियों पर अनावश्यक मानसिक दबाव उत्पन्न करती हैं। अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे केवल NTA द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और अपुष्ट संदेशों को नजरअंदाज करें।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal