Sunday , June 21 2026

सड़क के नीचे दबे सीवर चैंबरों से बढ़ी परेशानी, धरने की चेतावनी के बाद कार्य शुरू

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जानकीपुरम वार्ड प्रथम के अंतर्गत आने वाली जानकीविहार कॉलोनी के निवासियों को सीवर चोक होने के चलते मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। जिससे आक्रोशित पार्षद प्रतिनिधि सौरभ तिवारी ने सुएज इंडिया के जिम्मेदारों पर नाराजगी जाहिर करते हुए धरने पर बैठने की चेतावनी दी है। 

वहीं सुएज इंडिया ने इस समस्या के लिए सड़क निर्माण कराने वाले विभाग को जिम्मेदार ठहराया है। सुएज इंडिया द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक सड़क निर्माण कार्य के दौरान करीब 18 से 20 सीवर मैनहोल चैंबर सड़क के नीचे दब गए हैं। मैनहोल चैंबरों के दब जाने से उनकी नियमित सफाई और रखरखाव का कार्य प्रभावित हो गया है, जिससे क्षेत्र के ज्यादातर घर इस समस्या से प्रभावित हो रहे है। जानकारी के मुताबिक पार्षद निशा तिवारी के अथक प्रयास के बाद सांसद निधि से बनी इस सड़क का निर्माण कार्य RES ने कराया था। 

सुएज इंडिया के अनुसार इस क्षेत्र की नालियां सीवर मैनहोल से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में मैनहोल के अवरुद्ध होने के कारण घरों में बैकफ्लो की स्थिति उत्पन्न हो गई है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

सुएज इंडिया के अधिकारियों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से पहले सम्बंधित विभाग के द्वारा जलकल विभाग एवं संबंधित एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया गया होता तो सीवर मैनहोल चैंबरों को चिन्हित कर सुरक्षित रखा जा सकता था। समय रहते सूचना मिलने पर मैनहोल सड़क निर्माण के दौरान दबने से बच सकते थे और वर्तमान समस्या उत्पन्न नहीं होती।

हालांकि पार्षद प्रतिनिधि सौरभ तिवारी द्वारा आगामी 21 जून को धरने पर बैठने की चेतावनी देने के बाद सुएज इंडिया की टीम ने क्षेत्र में दबे हुए सीवर मैनहोल की तलाश शुरू कर दी है। ताकि उन्हें चिन्हित कर उनकी सफाई सुनिश्चित की जा सके और क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की जा सके।