लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इटौंजा के अंतर्गत उपकेंद्र इंदारा में शुक्रवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान चलाया गया। अभियान का संचालन बीएचडब्ल्यू (महिला) शशि मिश्रा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें पात्र किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।

टीकाकरण कार्यक्रम के दौरान किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीके के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर टीकाकरण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति भी जागरूक किया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने लाभार्थियों एवं उनके अभिभावकों को वैक्सीन की उपयोगिता, सुरक्षा तथा इससे होने वाले स्वास्थ्य लाभों के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक प्रभावी कदम है। अभियान का उद्देश्य किशोरियों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के साथ-साथ समुदाय में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना भी है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। विभाग ने सभी पात्र किशोरियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे समय पर टीकाकरण कराकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करें। इस मौके पर आशा संगिनी मंजू, आशा मिथिलेश, सूर्य कुमारी, कांती, सावित्री, सर्वेश, गीता, राजकुमारी भी उपस्थित रही।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal