नई दिल्ली (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भवन निर्माण सामग्री और कंस्ट्रक्शन उद्योग के लिए भारत की प्रमुख प्रदर्शनी भारत बिल्डकॉन 2026 – वन नेशन, वन एक्सपो का यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में भव्य शुभारंभ हुआ। मेगा एक्सपो को पहले ही दिन जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली, जिसमें 25,000 से अधिक आगंतुकों ने भाग लिया। इनमें आर्किटेक्ट्स, बिल्डर्स, डेवलपर्स, कॉन्ट्रैक्टर्स, निर्माता, व्यापारी, नीति-निर्माता, उद्योग संघों के प्रतिनिधि तथा अंतरराष्ट्रीय खरीदार शामिल थे।
कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्यमंत्री मनोहर लाल, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और सांसद पुरुषोत्तम रूपाला की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर निर्माण एवं बिल्डिंग मटेरियल्स उद्योग के अग्रणी उद्योगपति और प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
90 से अधिक देशों और भारत के 100 से अधिक शहरों से आए उद्योग जगत के हितधारकों को एक मंच पर लाने वाला भारत बिल्डकॉन 2026 बिल्डिंग मटेरियल्स क्षेत्र के सबसे बड़े वैश्विक प्लेटफॉर्मों में से एक बनकर उभरा है। प्रदर्शनी में सिरेमिक एवं स्टोन, हार्डवेयर, सीमेंट एवं स्टील, प्लाईवुड एवं लैमिनेट्स, फर्नीचर, सैनेटरीवेयर, इलेक्ट्रिकल्स, पेंट्स, कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी सहित 24 प्रमुख श्रेणियों के उत्पादों और नवाचारों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
भारत का निर्माण एवं बिल्डिंग मटेरियल्स क्षेत्र देश की आर्थिक वृद्धि के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभों में से एक बनकर उभर रहा है। वर्तमान में निर्माण क्षेत्र भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में लगभग 9 प्रतिशत योगदान देता है तथा 5.1 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान करता है। जिससे यह देश का दूसरा सबसे बड़ा रोजगार सृजनकर्ता क्षेत्र बन गया है। उद्योग अनुमानों के अनुसार वर्ष 2025 में लगभग 685 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य वाला भारत का निर्माण बाजार वर्ष 2034 तक 1.24 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक हो सकता है।
भारत बिल्डकॉन के निदेशक विशाल आचार्य ने कहा, “90 से अधिक देशों से खरीदारों, वितरकों और सोर्सिंग प्रोफेशनल्स की उपस्थिति भारत की विनिर्माण क्षमताओं में वैश्विक बाजार के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। भारत बिल्डकॉन भारतीय निर्माताओं को वैश्विक मांग से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मंच है, जो बिल्डिंग मटेरियल्स क्षेत्र में निर्यात के व्यापक अवसर प्रदान करता है।”
भारत बिल्डकॉन के निदेशक जितेंद्र कथिरिया ने कहा, “भारत के 100 से अधिक शहरों से मिली भागीदारी देश के बिल्डिंग मटेरियल्स उद्योग के व्यापक विस्तार और विविधता को दर्शाती है। भारत बिल्डकॉन निर्माताओं, वितरकों, आर्किटेक्ट्स, डेवलपर्स, रिटेलर्स और प्रोजेक्ट कंसल्टेंट्स के लिए एक साझा व्यापारिक मंच बन गया है। पहले ही दिन 25,000 से अधिक आगंतुकों और हजारों व्यावसायिक बैठकों के साथ यह प्रदर्शनी महत्वपूर्ण व्यापारिक लेन देन और दीर्घकालिक साझेदारियों को बढ़ावा देगी।”
कैपेक्सील के चेयरमैन निलेश जेतपरिया ने कहा, “भारत का बिल्डिंग मटेरियल्स क्षेत्र गुणवत्ता, नवाचार और उत्पादन क्षमता के आधार पर तेजी से वैश्विक प्रतिस्पर्धी उद्योग के रूप में उभर रहा है। भारत बिल्डकॉन में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की मजबूत भागीदारी भारतीय उत्पादों की बढ़ती वैश्विक मांग को दर्शाती है। ऐसे आयोजन निर्यातकों को नए बाजारों में प्रवेश करने और भारत की निर्यात क्षमता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।”
प्रदर्शनी के पहले दिन सभी हॉलों में भारी उत्साह और सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। प्रदर्शकों ने बड़ी संख्या में आगंतुकों, सार्थक खरीदार बैठकों और घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों से प्राप्त व्यापारिक पूछताछ की जानकारी दी। कई कंपनियों ने नवाचार आधारित उत्पाद, टिकाऊ निर्माण समाधान, उन्नत विनिर्माण तकनीक और अगली पीढ़ी की बिल्डिंग मटेरियल्स तकनीकों का प्रदर्शन किया।
भारत के वैश्विक आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ने के साथ, भारत बिल्डकॉन जैसे उद्योग-आधारित मंच विनिर्माण उत्कृष्टता, निर्यात वृद्धि, नवाचार को बढ़ावा देने और वैश्विक निर्माण मूल्य श्रृंखला में भारत की स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
भारत बिल्डकॉन 2026 का आयोजन 22 जून 2026 तक यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर, नई दिल्ली में जारी रहेगा और आने वाले दिनों में हजारों अतिरिक्त आगंतुकों, खरीदारों और उद्योग प्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal