लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश एवं इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, लखनऊ के लिए गर्व का क्षण है कि वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं प्रख्यात शोधकर्ता डॉ. नीलम श्रीवास्तव को इंस्टीट्यूशन ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियर्स (IETE) की गवर्निंग काउंसिल (2026-29) East Zone के लिए निर्वाचित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि ने प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
डॉ. नीलम श्रीवास्तव पिछले चार दशकों से अधिक समय से शिक्षण, अनुसंधान एवं अकादमिक नेतृत्व के क्षेत्र में सक्रिय हैं। माइक्रोवेव डिवाइसेज़, ऑप्टिकल एवं कॉग्निटिव रेडियो नेटवर्क्स तथा माइक्रोस्ट्रिप एंटीना के क्षेत्र में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है। उनके 100 से अधिक शोध-पत्र प्रकाशित हो चुके हैं तथा उन्होंने अनेक पीएच.डी. शोधार्थियों का सफल मार्गदर्शन किया है।उन्होंने IET लखनऊ में विभागाध्यक्ष, डीन (प्रशासन), डीन (प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट) सहित अनेक महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।
इसके अतिरिक्त वे उत्तर प्रदेश में TEQIP-II विश्व बैंक परियोजना की राज्य समन्वयक भी रह चुकी हैं तथा IETE लखनऊ केंद्र की मानद सचिव के रूप में संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी हैं। अपनी जीत पर डॉ. नीलम श्रीवास्तव ने सभी मतदाताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनसमर्थन उन्हें IETE को और अधिक सशक्त, नवाचार-उन्मुख एवं समाजोपयोगी बनाने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य IETE में सुशासन, उद्योग-अकादमिक सहयोग, युवा एवं कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण तथा सतत तकनीकी प्रगति को बढ़ावा देना है, ताकि संगठन तकनीकी समुदाय और समाज दोनों के लिए अधिक प्रभावी भूमिका निभा सके। IET लखनऊ के निदेशक, कुलसचिव, वित्त एवं लेखाधिकारी, सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं IETE सदस्यों ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. नीलम श्रीवास्तव को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal