Thursday , June 18 2026

SCIENCE CITY : साईमैक्स थिएटर में जीवंत होगा प्रागैतिहासिक युग

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आंचलिक विज्ञान नगरी के साईमैक्स फुल डोम थिएटर में नई फिल्म “द ग्रेट डायनासोर सीक्रेट” का शुभारंभ 19 जून को अपराह्न 2 बजे होगा। फिल्म का उद्घाटन वी.पी. गौर (उप महानिदेशक, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, लखनऊ) द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर शिक्षाविद्, विद्यार्थी एवं विज्ञान प्रेमी उपस्थित रहेंगे।

यह फिल्म आंचलिक विज्ञान नगरी द्वारा आगंतुकों को उपलब्ध कराए जा रहे आधुनिक एवं अनुभवात्मक विज्ञान शिक्षा कार्यक्रमों में एक महत्वपूर्ण नई प्रस्तुति है। सभी आयु वर्ग के दर्शकों के लिए तैयार की गई यह फिल्म डायनासोरों की दुनिया की एक रोमांचक यात्रा कराती है तथा नवीन वैज्ञानिक खोजों के माध्यम से इन प्रागैतिहासिक जीवों के बारे में हमारी पारंपरिक धारणाओं को एक नया दृष्टिकोण प्रदान करती है।

आंचलिक विज्ञान नगरी ने सभी विद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, परिवारों एवं विज्ञान प्रेमियों को इस नई आकर्षक प्रस्तुति का हिस्सा बनने तथा प्राचीन जीवाश्मों में छिपे डायनासोरों के अद्भुत रहस्यों को जानने के लिए आमंत्रित किया है। “द ग्रेट डायनासोर सीक्रेट” एक ऐसा अविस्मरणीय अनुभव है, जहाँ SCIMAX के भव्य गुंबद के नीचे विज्ञान जीवंत रूप में दर्शकों के सामने साकार होता है।