लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर बुधवार को इंटौजा क्षेत्र में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की पवित्र प्रतिमा के अनावरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद वरिष्ठ भाजपा नेता नीरज सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय स्वाभिमान, वीरता और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। उनका जीवन संघर्ष, त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण की अनुपम मिसाल है। आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करे और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए।

उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने स्वाभिमान से कभी समझौता नहीं किया और आने वाली पीढ़ियों के लिए साहस एवं आत्मसम्मान का संदेश छोड़ा। प्रतिमा स्थापना जैसे आयोजन समाज को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के दौरान महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

आयोजक राजा राघवेंद्र प्रताप सिंह एवं कुंवर दिग्विजय प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह, दिनेश तिवारी, अरुण सिंह गप्पू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal