लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ‘ग्रीन कमांडो कैंपेन-2026’ के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए ‘इंस्टीट्यूट फॉर वॉटर एंड क्लाइमेट इनिशिएटिव्स’ (IWCI) को सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर संस्थान ने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) के प्रति आभार व्यक्त किया है।
IWCI की संस्थापक प्रशंसा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि यह सम्मान संस्थान के लिए अत्यंत गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. आर.पी. सिंह, बोर्ड सदस्य श्री प्रजापति एवं राजेंद्र पाल सहित पूरी UPPCB टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बोर्ड द्वारा पर्यावरण प्रबंधन और समुदाय आधारित पहलों को प्रोत्साहित करने से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद मिल रही है।
प्रशंसा गुप्ता ने कहा, “ग्रीन कमांडो कैंपेन-2026 के तहत हमारी कोशिशों को मिली यह मान्यता हमारे लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों का प्रतीक है। यह पुरस्कार उत्तर प्रदेश में जल संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रति लचीलापन विकसित करने, पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने तथा सतत विकास के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के हमारे संकल्प को और अधिक मजबूत करता है। हम उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नेतृत्व और पूरी टीम के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित किया।”
उन्होंने कहा कि IWCI भविष्य में भी विभिन्न संस्थाओं, समुदायों और हितधारकों के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण और जलवायु अनुकूल विकास के लिए कार्य करता रहेगा। साथ ही उन्होंने इस अभियान के अंतर्गत सम्मानित सभी संस्थाओं और व्यक्तियों को बधाई देते हुए एक हरित, स्वच्छ और टिकाऊ भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal