लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं तथा वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल की हैं।
रामदास अठावले ने कहा कि केंद्र सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में ये योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेंगी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन धन योजना के अंतर्गत जून 2026 तक देशभर में 58.30 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले जा चुके हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश में 10.35 करोड़ से अधिक खाते शामिल हैं। योजना के तहत राष्ट्रीय स्तर पर 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक तथा उत्तर प्रदेश में 62 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा है।
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत देशभर में 58.31 करोड़ से अधिक ऋण वितरित किए गए हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में 5.91 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराया गया है। इस योजना ने करोड़ों लोगों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसर प्रदान किए हैं।
श्री अठावले ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत देश में 10.57 करोड़ तथा उत्तर प्रदेश में 1.89 करोड़ से अधिक एलपीजी गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं, जिससे महिलाओं को धुएं से मुक्ति और स्वच्छ ईंधन की सुविधा मिली है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत देशभर में लगभग 2.79 करोड़ आवासों का निर्माण किया गया है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत देश में लगभग 98.46 लाख आवास निर्मित किए गए हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश में 17.22 लाख से अधिक आवास शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत फरवरी 2025 तक देशभर में 12.17 करोड़ तथा उत्तर प्रदेश में 95.58 लाख से अधिक लाभार्थियों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है।
श्री अठावले ने बताया कि उजाला योजना के अंतर्गत देशभर में 36.87 करोड़ एलईडी बल्ब वितरित किए गए हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में 2.06 करोड़ एलईडी बल्ब उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केंद्रों की स्थापना हेतु वित्तीय सहायता योजना के अंतर्गत मार्च 2026 तक देशभर में 790 तथा उत्तर प्रदेश में 88 नशा मुक्ति केंद्र स्थापित अथवा वित्तपोषित किए गए हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal