Sunday , June 14 2026

बोरा फाउंडेशन के स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञों ने दिए स्वस्थ जीवन के मंत्र

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक सरल एवं सुलभ रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से बोरा फाउंडेशन एवं सेवा अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में फैजुल्लागंज स्थित बाल निकुंज इंटर कॉलेज, बसंत विहार कॉलोनी में 69वें निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन एवं सामान्य शारीरिक जांच की गई। इसके साथ ही पात्र नागरिकों के लिए निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे 60 लोगों को लाभ मिला।

शिविर में कुल 246 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया। जांच के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित मरीजों को आवश्यक दवाएं भी निःशुल्क वितरित की गईं। लाभार्थियों में उमा अवस्थी (46 वर्ष) को बीपी एवं शुगर संबंधी समस्या, भीम कश्यप (49 वर्ष) को बीपी और शुगर तथा प्रेम देवी (49 वर्ष) को पैरों में दर्द एवं अन्य समस्याओं के लिए उपचार एवं परामर्श प्रदान किया गया।

इसके अतिरिक्त संतोष गुप्ता, अनीता देवी, अंजली यादव, पूजा तिवारी, दुर्गेश कुमार, दीपक गुप्ता सहित अनेक लाभार्थियों को निःशुल्क जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में चिकित्सा लाभ प्राप्त करने वाले लोगों ने सेवा अस्पताल की चिकित्सक टीम एवं बोरा फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर चिकित्सकों ने लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।