Thursday , June 11 2026

विज्ञान फाउंडेशन और श्रम विभाग की पहल, श्रमिकों तक पहुंचीं कल्याणकारी योजनाएं

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विज्ञान फाउंडेशन एवं श्रम विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को इंजीनियरिंग कॉलेज लेबर अड्डे पर एक दिवसीय पंजीकरण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा पंजीकरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाना था।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित श्रम प्रवर्तन अधिकारी शरद यादव ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि अधिक से अधिक श्रमिक श्रम विभाग में अपना पंजीकरण कराकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि पंजीकृत श्रमिकों को शिक्षा सहायता, स्वास्थ्य सुविधाएं, पुत्री विवाह अनुदान, मातृत्व हित लाभ तथा अटल आवासीय सहित अनेक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलता है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिन श्रमिकों का पंजीकरण या नवीनीकरण शिविर में नहीं हो पाया है, वे विज्ञान फाउंडेशन द्वारा संचालित शेल्टर होम पर जाकर अपना पंजीकरण एवं नवीनीकरण करा सकते हैं।

शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान 18 नए श्रमिकों का पंजीकरण किया गया, जबकि 10 श्रमिकों के श्रम कार्डों का नवीनीकरण किया गया। इस अवसर पर श्रमिकों को पंजीकरण हेतु आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।

शिविर के माध्यम से 300 से अधिक श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, पंजीकरण प्रक्रिया तथा नवीनीकरण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया गया। श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने अधिकारों एवं उपलब्ध सरकारी सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम को सफल बनाने में विज्ञान फाउंडेशन की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।