लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। वोवीनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा ख्वाजा मोइनुद्दीन यूनिवर्सिटी में आयोजित नेशनल टेक्निकल सेमिनार के प्रशिक्षण सत्र के उपरांत मास्टर्स चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा तथा पूर्वी विधानसभा के विधायक ओपी श्रीवास्तव उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर वोवीनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण गर्ग, विश्वविद्यालय के कुलसचिव विकास कुमार, वियतनाम से आए प्रशिक्षक मास्टर न्यूगयन हक एवं फाम ची, प्रदेश कोषाध्यक्ष सच्चिदानंद पटेल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण गर्ग ने बताया कि मास्टर्स कैटेगरी की थपथा क्व्येन स्पर्धा में चोंग्थम महादेव (मणिपुर), महेश मोहन मोरे (महाराष्ट्र) और शिफू पांचा (तमिलनाडु) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं सॉन्ग लिन मा ताओ स्पर्धा में बृजेश कुमार भाऊ (जम्मू-कश्मीर) ने स्वर्ण पदक, ऋषि कुमार (उत्तराखंड) ने रजत पदक तथा मिलन ज्योति (असम) एवं आशीष कुमार (उत्तर प्रदेश) ने कांस्य पदक हासिल किया।
सॉन्ग लिन किम स्पर्धा में हिना देवी एवं पुष्पा रानी (मणिपुर) ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि हिमा भट्ट और सोनू शर्मा (उत्तराखंड) ने रजत तथा मानसी जायसवाल एवं ज्योति (उत्तर प्रदेश) ने कांस्य पदक अपने नाम किए। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथियों द्वारा मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विधायक ओपी श्रीवास्तव ने विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों सनी कुमार और लकी सिंह को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए 51 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया।
आयोजकों ने बताया कि आगामी 20 अगस्त से जम्मू में आयोजित होने वाली 15वीं राष्ट्रीय वोवीनाम प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के चयन हेतु 17 और 18 जुलाई को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal