लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ और बाराबंकी को बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा तथा बलरामपुर जिलों से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण संजय सेतु पुल (घाघरा पुल) को मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद 8 जून को सुबह लगभग 9:30 बजे यातायात के लिए खोल दिया गया। खास बात यह है कि पुल की मरम्मत निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली गई, जबकि कार्य को 15 जून 2026 तक पूरा किया जाना था।
हालांकि अभी हल्के वाहनों के आवागमन के लिए पुल खोला गया है। वहीं 16 जून से भारी वाहनों का आवागमन भी शुरू हो जाएगा। मरम्मत कार्य को तेजी और सुरक्षित तरीके से पूरा करने के लिए 16 अप्रैल 2026 से पुल पर यातायात बंद कर दिया गया था। अब पुल के दोबारा शुरू होने से क्षेत्र के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुगम और निर्बाध हो सकेगा।
संजय सेतु पुल इस क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण संपर्क कड़ी है। जो न केवल रोजमर्रा के आवागमन को आसान बनाता है, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार, सामाजिक गतिविधियों एवं आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मरम्मत कार्य के दौरान पुल की संरचनात्मक सुरक्षा एवं उपयोगिता को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी सुधार किए गए हैं।
पुल के फिर से चालू होने से लखनऊ, बाराबंकी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा एवं बलरामपुर के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा तथा यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेगा। इससे यात्रा समय में कमी आने के साथ-साथ परिवहन व्यवस्था भी बेहतर होगी।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय सड़क अवसंरचना उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्यरत है। संजय सेतु पुल का पुनः संचालन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal