विश्व मंच पर बढ़ी भारत की प्रतिष्ठा, लखनऊ बना विकास का मॉडल : राजनाथ सिंह

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि बीते वर्षों में लखनऊ ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है और आज यह शहर विश्वस्तरीय नगरों की श्रेणी में अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि लखनऊ का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता रहा है और आगे भी शहर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

यह बातें उन्होंने पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के पश्चिम मंडल-2 द्वारा आयोजित प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम में कहीं। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी समेत बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, अधिवक्ता, शिक्षाविद् एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

राजनाथ सिंह ने कहा कि सांसद होने के नाते वे जितना समय लखनऊ को देना चाहते हैं, उतना नहीं दे पाते, लेकिन नियमित अंतराल पर शहर का दौरा कर विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से संवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनना उनका नैतिक दायित्व है।

उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब लखनऊ को विकास की दौड़ में पीछे माना जाता था, लेकिन आज शहर का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है। विदेशों से आने वाले निवेशक भी लखनऊ में हुए बदलावों और आधुनिक आधारभूत ढांचे की सराहना करते हैं। उन्होंने कहा कि 10-15 वर्ष पहले का लखनऊ और वर्तमान का लखनऊ देखने पर विकास का अंतर स्पष्ट दिखाई देता है।

यातायात व्यवस्था पर चर्चा करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि ट्रैफिक जाम शहर की प्रमुख समस्या थी। वर्ष 2014 में सांसद बनने के बाद उन्होंने शहर के चारों ओर रिंग रोड निर्माण की परिकल्पना को आगे बढ़ाया, जिससे बाहरी क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश किए बिना अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिल रही है। उन्होंने बताया कि रिंग रोड के संचालन से यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इसके अलावा शहर में अनेक फ्लाईओवरों के निर्माण से भी आवागमन सुगम हुआ है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि वे लगातार नई विकास योजनाओं पर विचार करते रहते हैं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा नागरिकों से प्राप्त सुझावों को विकास योजनाओं में शामिल किया जाता है। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और विश्वास से ही विकास कार्यों को गति मिली है।

देश की स्थिति पर बोलते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आवाज वैश्विक स्तर पर प्रभावी ढंग से सुनी जा रही है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में युद्ध और संघर्ष के कारण आर्थिक चुनौतियां बढ़ी हैं, लेकिन भारत ने बेहतर आर्थिक प्रबंधन के माध्यम से महंगाई को नियंत्रित रखने में सफलता हासिल की है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को देशभर में जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त हो रहा है और पिछले कुछ वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जो सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता को दर्शाता है। भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व में एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर रहा है।

इस अवसर पर प्रबुद्धजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को रक्षा मंत्री के समक्ष रखा। प्रतिनिधियों ने चौक से दुबग्गा चौराहे तक लगने वाले भीषण जाम की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। साथ ही राष्ट्र प्रेरणा स्थल को प्रातःकालीन भ्रमण और आम नागरिकों के लिए निशुल्क खोले जाने का आग्रह किया गया।

क्षेत्रवासियों ने गैस पाइपलाइन सुविधा का विस्तार गैस क्षेत्र तक करने तथा मेट्रो परियोजना के कार्यों में तेजी लाने की मांग भी रखी। आलमनगर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर बुद्धेश्वर स्टेशन किए जाने पर नागरिकों ने रक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रबुद्धजनों ने कहा कि वर्तमान में लखनऊ में सड़क, फ्लाईओवर, रिंग रोड, मेट्रो और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं के माध्यम से चौमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने राष्ट्र प्रेरणा स्थल जैसे जनप्रेरक स्थलों के निर्माण की भी सराहना करते हुए कहा कि इन प्रयासों से शहर की पहचान और अधिक सुदृढ़ हुई है।

कार्यक्रम के अंत में राजनाथ सिंह ने उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास ही उन्हें जनसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता है तथा भविष्य में भी विकास कार्यों की गति इसी प्रकार जारी रहेगी।