लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। शहर में शनिवार को कानून की पढ़ाई और विधि प्रवेश परीक्षाओं को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। अवसर था टॉपरैंकर्स द्वारा आयोजित ‘टॉपर्स टॉक’ कार्यक्रम का, जिसमें क्लैट 2026 की ऑल इंडिया टॉपर गीताली गुप्ता ने विद्यार्थियों से संवाद किया। कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी इसलिए भी खास रही क्योंकि उन्होंने अपनी तैयारी टॉपरैंकर्स के मार्गदर्शन में की और देशभर में प्रथम रैंक हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया।
इस विशेष मार्गदर्शन सत्र में गीताली गुप्ता ने छात्रों के साथ अपनी सफलता की रणनीति, अध्ययन पद्धति, समय प्रबंधन और परीक्षा की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में विधि प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लगभग 400 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और उनसे सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एडीशनल डिस्ट्रिक्ट जज, हरदोई योगेन्द्र चौहान, क्लैट 2026 की ऑल इंडिया रैंक-1 गीताली गुप्ता तथा टॉपरैंकर्स लखनऊ के सेंटर डायरेक्टर विशाल शर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
मुख्य अतिथि योगेन्द्र चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सही मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं को न्याय और विधि के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि समर्पण और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने क्लैट परीक्षा की तैयारी, अध्ययन सामग्री के चयन, मॉक टेस्ट के महत्व और तनाव प्रबंधन जैसे विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका गीताली गुप्ता ने विस्तार से उत्तर दिया। उनके अनुभवों और सुझावों ने उपस्थित छात्रों को परीक्षा की तैयारी के लिए नई दिशा और प्रेरणा प्रदान की।
गीताली गुप्ता ने छात्रों के सवालों का जवाब देते हुए बताया कि उन्होंने 12वीं की पढ़ाई के साथ क्लैट की तैयारी कैसे की, परीक्षा में प्रश्नों को किस रणनीति से हल किया और विभिन्न सेक्शनों में बेहतर प्रदर्शन के लिए किन तरीकों को अपनाया। उन्होंने विशेष रूप से जनरल नॉलेज की तैयारी, नियमित मॉक टेस्ट और समय प्रबंधन को सफलता की कुंजी बताया।
इस अवसर पर क्लैट 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले अन्य छात्रों ने भी अपनी प्रेरणादायक कहानियां साझा कीं। लखनऊ के शौर्यवर्धन त्रिवेदी ने बताया कि क्लैट 2025 में 2700 से अधिक रैंक प्राप्त करने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और एक वर्ष की समर्पित तैयारी के बाद CLAT 2026 में AIR 78 हासिल कर नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी (NLSIU), बेंगलुरु में प्रवेश प्राप्त किया।
वहीं अपूर्व श्री ने डिप्रेशन से लड़ते हुए इंजीनियरिंग की तैयारी छोड़कर कानून के क्षेत्र को चुना और अपनी मेहनत के दम पर NLSIU बेंगलुरु में प्रवेश हासिल किया। उनकी कहानी ने छात्रों को अपने वास्तविक लक्ष्य और रुचि के अनुसार करियर चुनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशाल शर्मा (सेंटर डायरेक्टर, टॉपरैंकर्स लखनऊ) ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य छात्रों को केवल परीक्षा के लिए नहीं, बल्कि भविष्य के सफल विधि पेशेवर के रूप में तैयार करना है। उन्होंने बताया कि संस्थान में NLU पूर्व छात्रों की अनुभवी टीम विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करती है।
इस दौरान अवनीश मिश्रा (NLU विशाखापट्टनम) और इस्तुवी सोनकर (NLSIU बेंगलुरु एवं सिम्बायोसिस लॉ स्कूल, पुणे) सहित फैकल्टी सदस्यों ने भी छात्रों के प्रश्नों के उत्तर दिए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने टॉपर्स और विशेषज्ञों से संवाद कर CLAT तैयारी, करियर अवसरों और विधि शिक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। आयोजन ने छात्रों को सफलता के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ सही दिशा में तैयारी करने का आत्मविश्वास भी प्रदान किया।
टॉपरैंकर्स प्रबंधन ने कहा कि ऐसे संवादात्मक कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को सफल अभ्यर्थियों के अनुभवों से जोड़ना और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर बेहतर तरीके से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम का समापन छात्रों के साथ प्रेरणादायी संवाद और शुभकामनाओं के साथ हुआ।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal