Thursday , June 4 2026

डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा के संरक्षण और सौंदर्यीकरण की मांग

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कायस्थ समाज के प्रदेश अध्यक्ष शेखर कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविदास मेहरोत्रा को ज्ञापन सौंपकर राजेंद्र नगर स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद पार्क में स्थापित भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में कायस्थ समाज के महामंत्री आलोक भटनागर तथा उपाध्यक्ष विनोद श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को दिए गए ज्ञापन में पार्क परिसर में स्थापित डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर छतरी लगवाने, प्रतिमा का समय-समय पर रंग-रोगन कराने तथा प्रतिमा के चारों ओर बने मंच के जीर्णोद्धार की मांग उठाई।

ज्ञापन में कहा गया कि देश के प्रथम राष्ट्रपति की प्रतिमा ऐतिहासिक और प्रेरणादायी महत्व रखती है। इसलिए इसके रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान से प्रेरणा प्राप्त कर सकें।

विधायक रविदास मेहरोत्रा ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जाएगा। इस अवसर पर कायस्थ समाज के पदाधिकारियों ने विधायक रविदास मेहरोत्रा को पटका एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया।