Thursday , June 4 2026

पुष्पवर्षा के बीच निकला आरएसएस का पथ संचलन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के कार्यकर्ता विकास वर्ग-प्रथम प्रशिक्षण के अन्तर्गत गुरुवार को शिक्षार्थियों द्वारा भव्य पथ संचलन किया गया। यह प्रशिक्षण वर्ग 22 मई से सरस्वती कुंज, निराला नगर में संचालित हो रहा है, जिसमें काशी, कानपुर, गोरक्ष एवं अवध प्रांतों के कुल 289 कार्यकर्ता प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

गुरुवार शाम पथ संचलन सरस्वती कुंज, निराला नगर से शुरू होकर आठ नम्बर चौराहा, विवेकानन्दपुरी, महानगर, आईटी मेट्रो स्टेशन, आईटी चौराहा तथा श्री रामकृष्ण मठ के सामने से होते हुए पुनः वर्ग स्थल पर पहुंचकर सम्पन्न हुआ।

पथ संचलन के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। संघ के घोष वाद्य की मधुर स्वर-रचनाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते स्वयंसेवकों ने अनुशासन, संगठन शक्ति, देशभक्ति एवं सामूहिकता का प्रभावी प्रदर्शन किया। 

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वान्तरंजन, प्रशिक्षण वर्ग के सर्वाधिकारी सरदार स्वर्ण सिंह, वर्ग कार्यवाह डॉ. देवेन्द्र अस्थाना, वर्ग पालक मिथिलेश नारायण, क्षेत्र प्रचारक अनिल तथा क्षेत्र शारीरिक शिक्षण प्रमुख अखिलेश, क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष चंद्र सहित अन्य प्रमुख अधिकारी महानगर-10, अयोध्या मार्ग स्थल पर उपस्थित रहे और पथ संचलन का अवलोकन किया।