BJP ने घोषित किए स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के विधान परिषद प्रत्याशी

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश में होने वाले स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के विधान परिषद चुनाव 2026 के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में पांच सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी प्रदान की गई है।

भाजपा केंद्रीय कार्यालय, नई दिल्ली से जारी सूची के अनुसार लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से वर्तमान MLC अवनीश कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं आगरा स्नातक सीट से डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह को प्रत्याशी घोषित किया गया है।

इसके अलावा बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. हरि सिंह ढिल्लों, लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उमेश द्विवेदी तथा मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से श्रीचंद शर्मा को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है।

पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि केंद्रीय चुनाव समिति ने सभी नामों पर विचार-विमर्श के बाद अंतिम स्वीकृति प्रदान की है। प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

भाजपा संगठन अब चुनाव प्रचार को धार देने की तैयारी में जुट गया है। माना जा रहा है कि पार्टी इन सीटों पर संगठनात्मक मजबूती और शिक्षित वर्ग के बीच अपनी पकड़ को आधार बनाकर चुनाव मैदान में उतरेगी। प्रत्याशियों के नाम की सूची पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह के हस्ताक्षर हैं।