Tuesday , September 1 2026

प्रयोग और अनुभव से सीखेंगे विज्ञान, आंचलिक विज्ञान नगरी में नई दीर्घा तैयार

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आंचलिक विज्ञान नगरी में दर्शकों एवं विद्यार्थियों के लिए पूर्णतः उन्नत एवं नवीनीकृत “मनोरंजक विज्ञान दीर्घा (Fun Science Gallery)” का उद्घाटन समारोह 22 मई 2026 को प्रातः 11 बजे आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और विशिष्ट अतिथि डॉ. नीरज बोरा (विधायक लखनऊ उत्तर)  उपस्थित रहेंगे। साथ ही डॉ. प्रबोध कुमार त्रिवेदी (निदेशक सी.एस.आई.आर-केन्द्रीय औषधीय एवं सगंध पौधा संस्थान, लखनऊ) की गरिमामयी उपस्थिति कार्यक्रम को विशेष बनाएगी।

आंचलिक विज्ञान नगरी, लखनऊ द्वारा विकसित यह नवीनीकृत “मनोरंजक विज्ञान दीर्घा” विज्ञान और मनोरंजन के अद्भुत समन्वय का अनूठा उदाहरण है। गैलरी को “विज्ञान पढ़ने के बजाय करके सीखने से सबसे अच्छी तरह सीखा जाता है” की अवधारणा पर विकसित किया गया है। जहाँ विज्ञान को केवल पढ़ाया नहीं जाता, बल्कि प्रयोग और अनुभव के माध्यम से समझाया जाता है।

इस दीर्घा में यांत्रिकी, चुंबकत्व, विद्युत, गुरुत्वाकर्षण, ध्वनि, प्रकाशिकी एवं गणित जैसे वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित अनेक इंटरैक्टिव प्रदर्श स्थापित किए गए हैं। इनमें मनोरंजक दर्पण, प्लेट में सिर, अनंत कूप, गुरुत्वाकर्षण कुआँ, न्यूटन क्रैडल, हार्ट बीट आदि प्रमुख आकर्षण हैं। ये प्रदर्श विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को सरल, रोचक और अनुभवात्मक रूप में प्रस्तुत करते हैं।

KISMIF सिद्धांत “कीप इट सिंपल एंड मेक इट फन” पर आधारित यह गैलरी विद्यार्थियों और आगंतुकों को छूकर, प्रयोग करके, अवलोकन एवं खोज के माध्यम से विज्ञान को समझने का अवसर प्रदान करती है। यह गैलरी विज्ञान को कठिन शैक्षिक विषय के बजाय मनोरंजन, जिज्ञासा और खोज के रूप में प्रस्तुत करती है।