Wednesday , May 20 2026

सीवर और गंदे पानी की शिकायतों पर भड़के डा. नीरज बोरा, दिया ये अल्टीमेटम


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राजधानी के उत्तरी क्षेत्र में सीवर और पेयजल सुविधाओं को लेकर विधायक डा. नीरज बोरा ने बुधवार को जलकल एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सीवर चोक, ओवरफ्लो और गंदे पेयजल की समस्याओं पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को 72 घंटे के भीतर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।

बैठक में जानकीपुरम, मड़ियांव, सरस्वतीपुरम, सेक्टर एफ, ईडब्ल्यूएस पॉकेट, शिव विहार, फैजुल्लागंज, केशव नगर, कृष्ण लोक कॉलोनी एवं आरोही अपार्टमेंट चौक सहित कई क्षेत्रों में सीवर चोक व ओवरफ्लो की शिकायतों की समीक्षा की गई। विधायक ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

रूपपुर खदरा एवं शिवलोक खदरा में गंदे व बदबूदार पानी की आपूर्ति पर नाराजगी जताते हुए डा. नीरज बोरा ने पाइप लाइनों की तत्काल जांच एवं लीकेज दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में जनता को पानी और सीवर की समस्या से जूझना स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा तय समय सीमा में कार्य पूरा न होने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में महाप्रबंधक जलकल कुलदीप सिंह, सुएज इंडिया के प्रतिनिधि रजनीश कुमार एवं अधिशासी अभियंता जलकल ज़ोन-3 मनोज कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।